कॉकरोच' बनकर नाले में उतरा युवक, 'कॉकरोच जनता पार्टी' के गाने पर डांस कर नगर निगम को घेरा
- बिहार घाट पर यमुना प्रदूषण के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन
- तमाशा देखने जुटी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़
वृंदावन। मंदिरों की नगरी वृंदावन में यमुना नदी की बदहाली और उसमें सीधे गिर रहे गंदे नालों के विरोध में शनिवार को एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला प्रदर्शन देखने को मिला। यहाँ रुक्मिणी विहार के रहने वाले दीपक शर्मा प्रशासन को नींद से जगाने के लिए 'कॉकरोच' की वेशभूषा धारण कर बिहार घाट पहुंच गए। यमुना में गिर रहे मुख्य नाले के पास खड़े होकर उन्होंने अनोखे अंदाज में डांस कर अपना विरोध जताया। इस अजीबोगरीब प्रदर्शन को देखने के लिए घाट पर स्थानीय निवासियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
कॉकरोच जनता पार्टी’ के गीत पर जमकर थिरके
कॉकरोच की ड्रेस पहने दीपक शर्मा ने वहां बज रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के स्पेशल थीम सॉन्ग पर डांस किया और नगर निगम व संबंधित विभागों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इस मजेदार लेकिन तीखे प्रदर्शन के जरिए प्रशासन का ध्यान खींचने का प्रयास किया।
"कागजी कार्रवाई छोड़ जमीनी स्तर पर काम करे नगर निगम"
यमुना सफाई को लेकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दीपक शर्मा ने कहा: "यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के बड़े-बड़े दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आज भी कई छोटे-बड़े नाले सीधे नदी में जहर घोल रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ास्थली वृंदावन में आज यमुना का जल आचमन करने योग्य भी नहीं बचा है। दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु इस प्रदूषित पानी को देखकर दुखी होते हैं। सरकार को विकास के नाम पर दिखावा बंद करना चाहिए।"
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी सुर में मिलाया सुर
घाट पर मौजूद कई श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भी इस अनोखे अभियान का पुरजोर समर्थन किया। लोगों का कहना था कि नगर निगम सिर्फ कागजी कार्रवाई में उलझा रहता है। यदि प्रशासन जमीनी तौर पर मुस्तैदी से कार्य करे, तो श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और यमुना मां का आशीर्वाद भी बना रहेगा। प्रदर्शनकारी ने मांग की है कि नदी में गिर रहे सभी नालों को तत्काल टैप (बंद) कर गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक डायवर्ट किया जाए।



