कुमार सानू ने संत प्रेमानंद महाराज को सुनाया गीत, संत ने दिया भक्ति का संदेश
वृंदावन। बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्वगायक कुमार सानू शुक्रवार को संत प्रेमानंद महाराज से मिलने रमणरेती स्थित श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में संत को अपना सुपरहिट गीत “तुम देना साथ मेरा ओ हमनवा” गाकर सुनाया। संत प्रेमानंद महाराज ने गीत सुनकर प्रसन्नता व्यक्त की और जीवन में भक्ति एवं ईश्वर स्मरण का महत्व बताया।
करीब दो मिनट तक पूरी तल्लीनता से गीत प्रस्तुत करने के बाद संत प्रेमानंद महाराज ने कुमार सानू की सराहना की और कहा कि मनुष्य की सांसें अनमोल हैं, जिन्हें पैसे से भी नहीं खरीदा जा सकता। यदि इन्हीं सांसों के साथ भगवान का स्मरण किया जाए, तो जीवन सार्थक हो जाता है। उन्होंने कुमार सानू को भगवान शिव के नाम का निरंतर जप करने का भी सुझाव दिया। संत और गायक के बीच हुए इस आध्यात्मिक संवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे काफी सराह रहे हैं।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब कुमार सानू अपनी पूर्व पत्नी रीता भट्टाचार्य के साथ चल रहे कानूनी विवाद को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि याचिका दायर की है। ऐसे माहौल में वृंदावन में संत के सान्निध्य में बिताए गए ये क्षण कुमार सानू के लिए आत्मिक शांति और ऊर्जा देने वाले बताए जा रहे हैं।



