पीएम मोदी ने किया 'गंगा एक्सप्रेसवे' का उद्घाटन, मेरठ से प्रयागराज की दूरी होगी आधी

  • Sunday May 03 2026 - 01:37 PM
  •  

हरदोई। उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य उद्घाटन किया। करीब 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे न केवल पश्चिमी यूपी को पूर्वी यूपी से जोड़ेगा, बल्कि राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए एक 'नई लाइफलाइन' भी साबित होगा।

12 घंटे का सफर अब सिर्फ 6 घंटे में

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ और प्रयागराज के बीच लगने वाला 10 से 12 घंटे का समय अब घटकर मात्र 6 घंटे रह जाएगा। उन्होंने इसे 'विकास और विरासत' का संगम बताते हुए कहा, "अब श्रद्धालु कुछ ही घंटों में संगम स्नान कर सकेंगे और काशी विश्वनाथ के दर्शन कर वापस लौट सकेंगे। मां गंगा के नाम पर बना यह एक्सप्रेसवे प्रदेशवासियों के लिए आशीर्वाद के समान है।"

विकसित भारत की नई पहचान: आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर

पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि आज का भारत पुरानी लटकी-भटकी परियोजनाओं के दौर से बाहर निकल चुका है। उन्होंने कहा कि अब परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण तय समय सीमा के भीतर हो रहा है। डबल इंजन सरकार की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का जो जाल बिछ रहा है, वह **'विकसित भारत'** के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

विपक्ष पर निशाना और वैश्विक स्थिरता का जिक्र

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ दल विकास के बजाय परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति में उलझे हुए हैं, जिनसे जनता को सावधान रहने की जरूरत है। वैश्विक हालातों पर बात करते हुए पीएम ने कहा कि जहाँ दुनिया के कई देश अस्थिरता और संघर्ष के दौर से गुजर रहे हैं, वहीं भारत आत्मनिर्भरता और विकास के मार्ग पर तेजी से नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

लोकतंत्र का उत्सव और चुनावी जीत का भरोसा

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए भयमुक्त मतदान के लिए जनता की सराहना की। उन्होंने हालिया चुनावी नतीजों (बिहार और गुजरात) का उदाहरण देते हुए विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी, जो देश को आर्थिक रूप से और सशक्त बनाएगी।

"गंगा एक्सप्रेसवे केवल सड़क नहीं, बल्कि एनसीआर की संभावनाओं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों को एक साथ जोड़ने वाला सेतु है।" - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

---

Ganga Expressway: 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे 36,230 करोड़ की लागत से बन कर तैयार 

एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों और 519 गांवों को जोड़ेगा। 

भविष्य में इसे हरिद्वार और वर एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा।

मेरठ से प्रयागराज से मेरठ के बीच 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर देश के विकास का पहिया 29 अप्रैल यानी कल (बुधवार) से दौड़ने लगेगा। यूपी के इस सबसे लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को उत्तराखंड के हरिद्वार तक जोड़ा जाएगा। फिलहाल छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे को आने वाले समय में आठ लेन का किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे।

36,230 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिले और 519 गांवों से होकर गुजरेगा। इसमें मेरठ, बुलंदशहर, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे बड़े महानगर भी शामिल हैं। एक्सप्रेसवे पर 3.5 किमी लंबा एयरस्ट्रिप भी बनाया गया है। इस पर भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान भी आपात लैंडिंग कर सकेंगे। 

गंगा और राम गंगा पर बने पुलों से गुजरेंगे लोग

हापुड़ के ब्रजघाट में गंगा पर एक किमी और इससे आगे रामगंगा पर 720 मीटर लंबे पुलों से इस एक्सप्रेसवे को गुजारा गया है। दोनों नदियों के ऊपर से गुजरते समय लोगों को अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। इसमें 381 अंडरपास, 14 मुख्य पुल, 126 छोटे पुल और 929 पुलिया शामिल हैं।

मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे के खंड और उनकी लंबाई

बिजौली (मेरठ) से चांदनेर (हापुड़) 48.9 किमी, चांदनेर (हापुड़) से मिर्जापुर डूंगल (अमरोहा) 30 किमी,मिर्जापुर डूंगल (अमरोहा) से नगला बरहा (बदायूं) 50.7 किमी,नगला बरहा (बदायूं) से बिनावर (बदायूं) 52.1 किमी,बिनावर (बदायूं) से दरी गुलऊ (शाहजहांपुर) 46.7 किमी, दरी गुलऊ (शाहजहांपुर) से उबरिया खुर्द (हरदोई) 52.9 किमी है।

उबरिया खुर्द (हरदोई) से इकसाई (हरदोई) 52.4 किमी, इकसाई (हरदोई) से रैया माओ (उन्नाव) 50.2 किमी, रैया माओ (उन्नाव) से सरसों (उन्नाव) 53.1 किमी,सरसों (उन्नाव) से तेरुखा (रायबरेली) 51.8 किमी, तेरुखा (रायबरेली) से नौढ़िया (प्रतापगढ़) 52 किमी, नौढ़िया (प्रतापगढ़) से जूड़ापुर दांदू (प्रयागराज) 53 किमी है।

जिला स्थान एवं कनेक्शन इंटरचेंज का प्रकार

  • मेरठ-हापुड़ सड़क पर बिजौली - इंटरचेंज मुख्य
  • हापुड़ - गढ़मुक्तेश्वर ,एनएच 9, दिल्ली-मुरादाबाद सड़क - डायमंड इंटरचेंज
  • बुलंदशहर - खुर्जा,बुलंदशहर लिंक जेवर एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल हब के लिए - डायमंड इंटरचेंज
  • अमरोहा - हसनपुर, मुरादाबाद- संभल के लिए कनेक्टिविटी - रैंप टोल एवं एंट्री पॉइंट
  • बदायूं - बिनावर, एसएच-51 लिंक सड़क के पास - मुख्य टोल और एग्जिट
  • शाहजहांपुर - दरी गुलऊ, एनएच 30 और हवाई पट्टी - इंटरचेंज और एयरस्ट्रिप पॉइंट
  • हरदोई - उबरियाखुर्द और इकसाई - मल्टीपल एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट
  • उन्नाव - रैया माओ, लखनऊ-कानपुर के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण - प्रमुख इंटरचेंज
  • रायबरेली - तेरुखा और लालगंज क्षेत्र - सुल्तानपुर और लखनऊ सड़क कनेक्ट
  • प्रयागराज - जूड़ापुर दांदू, एनएच 19, पुराना एनएच-2 के पास - मुख्य टर्मिनल अंतिम बिंदु

आने वाले समय में यहां तक होगा विस्तार

आने वाले समय में गंगा एक्सप्रेसवे को यूपीडा यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगी। 83 किलोमीटर लंबी लिंक रोड गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ेगी।