दीपावली 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी, ग्रहों का अद्भुत संयोग बनाएगा पर्व को और शुभ

  • Tuesday October 14 2025 - 12:12 PM
  •  

  • लक्ष्मी पूजन में बन रहा है मंगल, सूर्य और बुध का त्रिग्रही योग, विशेष मुहूर्त में करें पूजा

मथुरा। दीपावली का महापर्व 20 अक्टूबर (सोमवार) को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार दीपावली पर ग्रहों का दुर्लभ और शुभ संयोग बन रहा है, जो त्योहार को और भी मंगलकारी बनाएगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस विशेष योग में महालक्ष्मी पूजन और श्रीयंत्र स्थापना से घर में स्थायी सुख-समृद्धि प्राप्त होगी।

दीपावली की तिथि पर कोई संशय नहीं

ज्योतिषाचार्य अजय कुमार तैलंग ने बताया कि अमावस्या तिथि सोमवार को दोपहर 3:45 बजे से प्रारंभ होकर मंगलवार 21 अक्टूबर को 5:55 बजे तक रहेगी। इसलिए दीपावली का पर्व 20 अक्टूबर सोमवार को ही मनाया जाएगा।

लक्ष्मी पूजन के शुभ मुहूर्त

दोपहर: 2:09 बजे से 3:40 बजे तक

वृष लग्न: शाम 6:51 से 8:48 बजे तक

सिंह लग्न: रात्रि 1:19 से 3:33 बजे तक

ग्रहों का शुभ संयोग

दीपावली के दिन मंगल, सूर्य और बुध एक साथ युति में रहेंगे, जिसे त्रिग्रही योग कहा जाता है। यह योग सभी राशियों के लिए धन, वैभव और शुभता प्रदान करने वाला माना गया है। ज्योतिष मान्यता के अनुसार, स्थिर लग्न (वृषभ, सिंह, वृश्चिक और कुम्भ) में महालक्ष्मी पूजन करने से देवी की कृपा स्थायी रूप से प्राप्त होती है।

श्रीयंत्र स्थापना से मिलेगा विशेष लाभ

दीपावली की रात स्फटिक या पारद श्रीयंत्र की स्थापना और पूजन अत्यंत फलदायी रहता है। श्रीयंत्र का केसरयुक्त गोदुग्ध से अभिषेक करते समय श्री मंत्र का जाप करने से मां त्रिपुरसुंदरी (ललिता देवी) की कृपा प्राप्त होती है। माना जाता है कि जिस घर में श्रीयंत्र की नियमित पूजा होती है, वहां धन की कमी नहीं रहती।

महालक्ष्मी पूजन का विधान

दीपावली की शाम घर या दुकान में चौकी बिछाकर गंगा जल से शुद्धिकरण करें। गणेश-लक्ष्मी के साथ कुबेर, इन्द्र, सरस्वती और मां काली की पूजा करें। पूजा स्थान पर तांबे या मिट्टी का कलश रखें, जिस पर रोली से स्वस्तिक बनाएं।आम के पल्लव, सुपारी, सिक्का, पंचरत्न व नारियल रखकर कलश स्थापना करें। मां लक्ष्मी को कमल पुष्प या कमलगट्टा अर्पित करें। तिजोरी, गल्ला और बहीखातों की पूजा करना भी शुभ माना गया है।

दीपावली पर बन रहे शुभ योग

हंस महापुरुष योग: बृहस्पति के कर्क राशि में होने से धन और यश की वृद्धि।

शनि वक्री योग: मीन राशि में शनि की वक्री चाल से अप्रत्याशित लाभ के योग।

कलात्मक योग: कन्या राशि में शुक्र-चंद्र की युति से मानसिक शांति और प्रेम की वृद्धि।

बुधादित्य योग: तुला राशि में सूर्य-बुध युति से सफलता और नेतृत्व का आशीर्वाद।

श्रीराम की अयोध्या वापसी से जुड़ी परंपरा

पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। तभी से दीपावली असत्य पर सत्य की विजय के रूप में मनाई जाती है।

अन्य पर्वों की तिथियाँ

धन त्रयोदशी: 18 अक्टूबर (जनमानस अनुसार), पुष्टिमार्ग परंपरा अनुसार 19 अक्टूबर

धन्वंतरी जयंती: 19 अक्टूबर (सायंकाल)

लक्ष्मी पूजन (दीपावली): 20 अक्टूबर

गोवर्धन पूजा / अन्नकूट: पुष्टिमार्ग में 21 अक्टूबर, अन्य परंपराओं में 22 अक्टूबर

भाईदूज: 23 अक्टूबर