भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ संत प्रेमानंद का लिया आशीर्वाद
विराट कोहली के साथ वृंदावन पहुंची अभिनेत्री अनुष्का ने संत प्रेमानंद से मांगा ये आशीर्वाद
- भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ संत प्रेमानंद का लिया आशीर्वाद
- - संत प्रेमानंद बोले - विजय के लिए निरंतर अभ्यास के साथ प्रारब्ध भी होना आवश्यक
वृंदावन। भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा और दोनों बच्चों के साथ संत प्रेमानंद महाराज से अशीर्वाद लेने उनके आश्रम रमणरेती स्थित श्रीराधाकेलि कुंज पहुंचे। यहां संत ने विराट के क्रिकेट में हार के समय धैर्य रखते हुए ठाकुरजी का स्मरण करने और निरंतर अभ्यास करते रहने के सीख दी तो वहीं अभिनेत्री अनुष्का ने संत से आशीर्वाद मांगा। इस पर संत ने कहा कि यह लोग बहादुर हैं।
शुक्रवार सुबह संत प्रेमानंद महाराज ने विराट कोहली से उनका हाल जानने के बाद कहा कि वह साधना करके लोगों को प्रसन्नता दे रह हैं और विराट देशवासियों को खेल में विजय होने पर प्रसन्नता देते हैं। यह भी इनकी साधना है। उन्होंने कहा कि विराट अपने अभ्यास में रहकर उसे पुष्ट करेें यही इनका भजन है। दृढता से अभ्यास के साथ ठाकुरजी का नाम जप करना ही इनके लिए साधना है। इससे विजय अवश्य मिलेगी।
उन्होंने हार और जीत के सवाल पर कहा कि अभ्यास पुष्ट होने के साथ अच्छा प्रारब्ध का होना भी आवश्यक है। भले ही अभ्यास पूर्ण है और अच्छे प्रारब्ध की कमी है तो वहां हार हो सकती है। असफलता के समय भगवान का चिंतन करते हुए धैर्य रखने की आवश्यकता होती है, लेकिन यह कठिन है। असफलता के समय भी उसे गले लगाकर आगे चल देना चाहिए। असफलता सदेव नहीं रहेगी।
अनुष्का शर्मा ने जब संत प्रेमानंद से प्रेम भक्ति का आशीर्वाद मांगा तो संत ने विराट परिवार को बहादुर बताते हुए कहा कि संसार का सम्मान प्राप्त होने पर यह भक्ति की तरफ मुड़ना बहुत कठिन होता है। करीब सात मिनट की एकांतिक वार्ता के आखिर में संत ने कहा कि लौकिक एवं पारलौकिक दोनों उन्नति नाम जप करने से संभव है। इसलिए कोई भी कार्य करो ईश्वर का ध्यान रखें और नाम जप करते रहें।



