ब्रह्मोत्सव: भगवान गोदारँगमन्नार ने भक्तों के संग खेली होली

  • Saturday March 26 2022 - 10:25 AM
  •  

वृन्दावन। मन्दिरों की नगरी वृन्दावन में होली की खुमारी अब भी भक्तों के सिर चढ़कर बोल रही है। श्री रँग मन्दिर दिव्यदेश के ब्रह्मोत्सव में भगवान गोदा रँगमन्नार ने भक्तों के साथ जमकर होली खेली, तो भक्त भी अपने आराध्य के आनन्द रस पाने के लिए लालायित दिखाई दिये। देश मे होली का पर्व खत्म हुए लगभग एक सप्ताह बीतने को हैं। लेकिन धार्मिक नगरी में होली की खुमारी अब भी भक्तो पर चढ़ी हुई है। 

दक्षिण भारतीय शैली के श्री रँग मन्दिर के दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव के छठे दिन ठाकुर गोदा रँगमन्नार अपने भक्तो के साथ होली खेलने निकलते है।  शुक्रवार की सांय चार बजे ठाकुर जी श्वेत वस्त्र धारण कर कांच के विमान में विराजमान हुए। धुर गोले के साथ ही सवारी मन्दिर परिसर से बारहद्वारी में पहुंची तो वेदमन्त्रों का उच्चारण कर कुंभ आरती उतारी गयी। मन्दिर परिसर रंगनाथ भगवान की जयजयकार से गूंज उठा। 

सेवायतों ने टेसू के प्राकृतिक रंगों के साथ अबीर गुलाल भक्तो पर फेकना शुरू कर दिया। विविध प्रकार के फूलों से भी होली खेली जाने लगी। भक्त झूमने लगे। चहुंओर मस्ती का वातावरण दिखाई दे रहा था। इस सम्बंध में सीईओ अनघा श्री निवासन ने बताया कि उत्सवों की इस श्रंखला में होली का उत्सव ब्रज संस्कृति के अनुरूप मनाया जाता है। 

वृन्दावन की पवित्र भूमि में हर भक्त प्रभु की भक्ति के रंग में रंगा रहता है। इसी भाव को मानते हुए होली का उत्सव उल्ल्लास के साथ मनाया जाता है। कांच के विमान की सवारी प्रमुख मार्गों से होती हुई विश्रामस्थल बड़ा बगीचा पहुंची।जहां से पुन: मन्दिर परिसर में विराजित हुई। मन्दिर परिसर में वैदिक रीतिरिवाज से तिरुमन्जन के उपरांत नवीन वस्त्र धारण करा विशेष श्रंगार किया गया। रात्रि में ठाकुर जी स्वर्ण निर्मित हाथी पर विराजमान होकर परम्परानुसार फगुआ देने गये। जहां पान, केसरिया जलेबी, आदि निवेदित की गयी।