पति से झगड़ा हुआ तो महिला ने अपने 6 बच्चों को कुएं में फेंक दिया, सभी की दर्दनाक मौत

  • Sunday June 19 2022 - 09:41 AM
  •  

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बीते सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिले के महाड तहसील निवासी एक महिला ने अपने 6 बच्चों को कुएं में फेंक दिया, जिससे उन सभी बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रूना नाम की महिला का अपने पति चिखुरी साहनी से झगड़ा हो गया था। इसी बात पर सोमवार की रात करीब 8 बजे वह अपने 6 बच्चों को कुएं में धकेल दिया। इसके बाद वह खुद कुएं में कूद गई।

जब रूना कुएं में कूदने जा रही थी उसी वक्त पास से गुजर रहे एक शख्स ने उसे देख लिया। उस शख्स ने शोर कर गांव वालों को इकट्ठा किया। रूना को किसी तरह सुरक्षित तो बाहर निकाल लिया गया, मगर मासूम बच्चों को नहीं बचाया जा सका। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने 4 बच्चों की बॉडी को कुएं से निकाल चुकी थी, जबकि दो की तलाश जारी थी।

सबसे छोटी बेटी की उम्र महज डेढ़ साल थी

बताया जा रहा है कि रूना का पति हमेशा शराब के नशे में धुत्त रहता था और उससे मारपीट करता था। सोमवार को भी रूना का अपने पति से झगड़ा हुआ था। रूना की पांच बेटियां और एक बेटा था। सबसे बड़ी बेटी की उम्र 10 साल बताई जा रही है, जबकि सबसे छोटी बेटी की उम्र महज डेढ़ साल थी।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दमकल और बचाव दल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक अशोक दुधे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार जेंडे भी मौके पर पहुंचें। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई है।