बांके बिहारी मंदिर खुलने का समय बढ़ा, अब श्रद्धालुओं को 11 घंटे देंगे बांकेबिहारी दर्शन

  • Saturday November 19 2022 - 10:10 AM
  •  

वृंदावन। मंदिरों की नगरी वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर खुलने के समय बढ़ा दिया गया है। मंदिर के पट जहां पहले 8 घंटे 15 खुलते थे वहीं अब 11 घंटे खुला करेंगे। मंदिर के प्रशासक सिविल जज सीनियर डिवीजन ने मंदिर के खुलने का समय बढ़ाने को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं।

अभी तक यह था मंदिर खुलने का समय

सुप्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर विशेष पर्वों को छोड़कर आम दिनों में दोनों समय मिलाकर कुल 8 घंटे 15 मिनट के लिए खुलता है। गर्मियों में सुबह 7 बजकर 45 मिनट से दोपहर 12 बजे तक और शाम को 5 बजकर 30 मिनट से शाम 9 बजकर 30 मिनट तक। वहीं सर्दियों में 8 बजकर 45 मिनट से दोपहर 1 बजे तक और शाम को 4 बजकर 30 मिनट से शाम 8 बजकर 30 मिनट तक खुलता है।

अब खुलेंगे मंदिर के पट 11 घंटे

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 12 नवंबर को मंदिर के मोहन बाग में हुई न्यायिक, प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर के गोस्वामियों के मध्य हुई बैठक के बाद मंदिर के रिसीवर सिविल जज जूनियर डिवीजन ने आदेश जारी करते हुए मंदिर के पट खुलने के समय में करीब दो घंटे समय में बढ़ोतरी की गई है। आदेश के अनुसार मंदिर के पट गर्मियों में सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक और शाम को 5 बजे से रात 10 बजकर 30 मिनट तक खुलेंगे। इसी प्रकार सर्दियों में सुबह 7 बजकर 30 मिनट से दोपहर 1 बजे तक और शाम को 4 बजे से रात 9 बजकर 30 मिनट तक पट खुलेंगे।

जन्माष्टमी पर हादसे के बाद बदल रही व्यवस्था

श्री कृष्ण जन्माष्टमी की रात मंगला आरती के दौरान बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के भारी दबाव के कारण 2 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद प्रमुख सचिव गृह ने पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की अध्यक्षता में 2 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई। जांच कमेटी ने तात्कालिक उपाय में मंदिर का समय बढ़ाने का सुझाव दिया था।