एंटी करप्शन टीम द्वारा रंगे हाथ पकड़ा गया वन विभाग का प्रधान सहायक किशोर चतुर्वेदी।
मथुरा में वन विभाग का प्रधान लिपिक ₹50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
मथुरा। जनपद में एक के बाद एक भ्रष्टाचार अधिकारी एवं कर्मचारियों की गिरफ्तारी हो रही है। शुक्रवार को पेट्रोल पंप को अनापत्ति प्रमाणपत्र देने के एवज में दो लाख रूपये की रिश्वत मांगने वाले वन विभाग के प्रधान लिपिक (बड़े बाबू) को आगरा की एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वह 50 हजार रूपये रिश्वत के ले रहे थे। उन्हें वन विभाग के परिसर से टीम उठाकर ले गई। टीम ने यमुनापार थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इस कार्रवाई से न सिर्फ वन विभाग बल्कि अन्य विभागों में भी हड़कंप मच गया है।
रिफाइनरी थाना क्षेत्र के नगला पोहपी निवासी राजन सिंह को वर्ष 2022 में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने आगरा दिल्ली हाईवे पर पेट्रोल पंप स्वीकृत किया था। लाइसेंस जारी होने के बाद राजन सिंह आगरा दिल्ली हाईवे पर नगला हसन सिंह के खसरा संख्या 18 में पेट्रोल पंप का निर्माण कराना चाहते थें इसके लिए उन्होंने सामाजिक वानिकी प्रभाग मथुरा के प्रभागीय वन अधिकारी के कार्यालय में एनओसी जारी करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। अन्य सभी औपचारिकता पूर्ण होने के बाद करीब चार माह पूर्व फाइल प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय पहुंची। एनओसी के लिए राजन सिंह के जीला महावन थाने के प्रेमनगर खुर्द निवासी रोहताश तंवर ने भी कई बार कार्यालय के चक्कर लगाए। रोहताश की करीब एक सप्ताह पूर्व होली गेट गोलपाड़ा निवासी वन विभाग के प्रधान लिपिक किशोर चतुर्वेदी की कार्यालय में मुलाकात हुई।
आरोप है कि प्रधान लिपिक ने उनसे एनओसी के लिए दो लाख रूपये का खर्चा बताया। रोहताश ने कहा कि अभी इतने पैसे उनके पास नहीं है। इस पर प्रधान लिपिक ने कहा कि पहले 50 हजार रूपये दो शेष रकम काम होने के बाद दे देना। पांच दिन पूर्व रोहताश एवं राजन सिंह आगरा एंटी करप्शन कार्यालय पहुंचे। जहां अधिकारियांे का पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद एंटी करप्शन के कुछ कर्मचारी जांच के लिए मथुरा आए। शिकायत सही पाए जाने पर शुक्रवार को एंटी करप्शन के प्रभारी सहवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम दोपहर 12.45 बजे रोहताश तंवर को लेकर सामाजिक वानिकी प्रभाग कार्यालय पहुंची। प्रधान लिपिक किशोर चतुर्वेदी को रोहताश ने 50 हजार रूपये दिए। इस रकम को प्रधान लिपिक ने अपने लोअर की जेब में रख लिया तभी एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोच लिया और अपने साथ ले गई। पूछताछ के बाद शाम चार बजे टीम यमुना पार थाने पहुंची। टीम के प्रभारी सहवीर सिंह ने प्रधान लिपिक के विरूद्ध धारा सात भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 2018 में एफआईआर दर्ज कराई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय किशोर ने बताया कि प्रार्थनापत्र पर निल पर मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को थाना पुलिस आरेापित को मेरठ कोर्ट में पेश करेगी। इस मामले में सुनवाई मेरठ में ही होगी।



