हिंदू राष्ट्र के लक्ष्य के लिए पंच परिवर्तन सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाएगा राष्ट्रीय RSS
हिंदू राष्ट्र के लक्ष्य के लिए पंच परिवर्तन सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाएगा राष्ट्रीय RSS
- पंच परिवर्तन को लेकर नई रचना, बस्ती व प्रखंड स्तर पर होंगी नई नियुक्तियां
- संघ की कोर कमेटी बैठक में संगठन विस्तार और शाखा वृद्धि पर गहन मंथन
वृंदावन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक के अंतिम दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के केंद्रीय पदाधिकारियों ने हिंदू राष्ट्र के लक्ष्य की दिशा में पंच परिवर्तन के सिद्धांत को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए नई रचना तैयार करने और इसके लिए नई नियुक्तियां करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही संगठन विस्तार और संघ की शाखाओं की संख्या बढ़ाने को लेकर कार्य योजना को अंतिम रूप दिया गया।
केशवधाम में संपन्न हुई अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक के उपरांत शुक्रवार को सुबह नौ बजे संघ प्रमुख मोहन भागवत की अध्यक्षता में प्रथम सत्र की शुरुआत हुई। इस कोर कमेटी बैठक में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, मनमोहन वैद्य, मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, अतुल लिमये एवं आलोक कुमार प्रमुख रूप से शामिल हुए।
बैठक में देश को हिंदू राष्ट्र के रूप में सशक्त बनाने, विदेशों में हिंदुओं पर हो रहे हमलों, तथा देश के विभिन्न राज्यों में भारतीय संस्कृति के हो रहे क्षरण को रोकने जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने संघ के देशव्यापी विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि संघ की शाखाओं की संख्या अधिक से अधिक बढ़ाई जाए और उन क्षेत्रों में भी शाखाएं स्थापित की जाएं, जहां अभी तक शाखाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने समाज में पंच परिवर्तन का आह्वान करते हुए कहा कि अनुशासन एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत युवा वर्ग को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाया जाए। इसके लिए पंच परिवर्तन के सिद्धांत को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना आवश्यक है। पंच परिवर्तन के अंतर्गत स्व का बोध (स्वदेशी), नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और कुटुंब प्रबोधन शामिल हैं।
संघ का मानना है कि पंच परिवर्तन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू कर समाज में व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। स्व के बोध से नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होंगे। नागरिक कर्तव्य बोध के माध्यम से कानून का पालन सुनिश्चित होगा, जिससे राष्ट्र समृद्ध और उन्नत बनेगा। सामाजिक समरसता और सद्भाव से ऊंच-नीच एवं जातिगत भेद समाप्त होंगे। पर्यावरण संरक्षण से सृष्टि की रक्षा होगी, जबकि कुटुंब प्रबोधन से परिवार संरक्षित रहेंगे और बच्चों में संस्कारों का विकास होगा।
बैठक में समाज में बढ़ते एकल परिवार की प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की गई और प्राचीन पारिवारिक परंपरा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। संघ का मानना है कि सुदृढ़ परिवार ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। देश और विदेशों में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय संस्कृति की रक्षा बैठक का एक प्रमुख विषय रहा। संघ के पदाधिकारियों ने माना कि पंच परिवर्तन उभरते भारत की चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करने में सक्षम है।
संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने कहा कि बौद्धिक आख्यान को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य से बदलना और सामाजिक परिवर्तन के लिए समाज को संगठित करना संघ के प्रमुख कार्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन आज समग्र समाज की आवश्यकता है और इसे परिवारों, संघ की शाखाओं तथा उनके आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचाना होगा। इसके लिए संघ बस्ती एवं प्रखंड स्तर पर नई संरचना तैयार करने जा रहा है और पंच परिवर्तन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नई नियुक्तियां भी की जाएंगी। बैठक के समापन के बाद देशभर से आए प्रांत प्रचारक अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए।



