पीएम मोदी, सीएम योगी ही करा सकते हैं यमुना महारानी को प्रदूषण मुक्तः ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी

  • Wednesday April 10 2024 - 11:37 AM
  •  

  • ठा. राधारमण मंदिर पहली बार दर्शन करने पहुंचे ब्रह्मर्षि
  • सेवायत गोस्वामियोें ने प्रसादी पटुका और छप्पन भोग की छबरिया भेंट की

वृंदावन। ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी शुक्रवार को वृंदावन के प्राचीन सप्तदेवालयों में से एक ठा. राधारमण मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्रोच्चारों के मध्य ठा. राधारमण की पूजा अर्चना की। मंदिर के सेवायत आचार्य पदमलोचन गोस्वामी ने उन्हें प्रसादी पटुका, छप्पन भोग की छबरिया भेंट की। 

दर्शन पूजन के बाद कुमार स्वामी ने कहा कि यमुना के प्रदूषण और उसकी दशा को देखकर कष्ट होता है, जिस देश में यमुना को मां कहा जाता है, उसका पूर्ण श्रद्धा के साथ पूजन किया जाता है, वही आज प्रदूषित है, इस ओर ध्यान नहीें है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ही यमुना को प्रदूषण मुक्त करने की उम्मीद है। उन्हें सनातनियों के इस कष्ट को दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृंदावन साक्षात ठाकुर राधाकृष्ण का पावन धाम है। यहां आकर जीव की भक्ति और भी प्रबल हो जाती है और चित्त ठाकुरजी की सेवा में लगा रहता है। यहां आकर मन के गति भी शांत होकर भक्ति में रम जाती है। 

पहली बार ठा. राधारमण मंदिर पहुंचे ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी को मंदिर के सेवायत आचार्य पदमलोचन गोस्वामी ने मंदिर की परंपरा, मर्यादा के बारे में बताया। इसके बाद वह सेवायत आचार्य के घर पहुंचे यहां उन्होंने ठा.राधारमण महाराज का प्रसाद ग्रहण किया। 

इस अवसर पर धनंजय गोस्वामी, दिनेश गोस्वामी एवं प्रखर गोेस्वामी आदि मौजूद रहे।