अक्रूर घाट बनेगा ब्रज पर्यटन का नया आध्यात्मिक केंद्र
अक्रूर घाट बनेगा ब्रज पर्यटन का नया आध्यात्मिक केंद्र, 6.35 करोड़ की परियोजना को मंजूरी
- यमुना तट पर आधुनिक सुविधाओं से सजेगा प्राचीन घाट
- श्रद्धालुओं को मिलेगा दिव्य और सुरक्षित अनुभव
लखनऊ/वृंदावन। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी पावन नगरी वृंदावन में अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आस्था के साथ आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष अनुभव मिलने जा रहा है। प्रदेश सरकार ने यमुना नदी के दाहिने तट पर स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व वाले अक्रूर घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 6.35 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत प्रथम चरण में 3.17 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Yogi Adityanath के नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र को विश्व स्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मथुरा-वृन्दावन आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर दर्शन अनुभव उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अक्रूर घाट का निर्माण केवल धार्मिक महत्व को संरक्षित करने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह ब्रज क्षेत्र में पर्यटन विकास को भी नई गति देगा।
अक्रूर घाट पर होंगी आधुनिक सुविधाएं
परियोजना के तहत अक्रूर घाट को सुरक्षित, आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने के लिए व्यापक निर्माण कार्य कराए जाएंगे। घाट पर 30 मीटर लंबाई में 14 मीटर चौड़ाई और 5 मीटर गहराई तक शीट पाइलिंग की जाएगी। दोनों शीट पाइलों को मजबूती देने के लिए प्रत्येक 3 मीटर पर 45 एमएम व्यास की एंकर बार लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं के स्नान के लिए 5 मीटर चौड़े प्लेटफॉर्म तैयार किए जाएंगे। घाट की सीढ़ियों और पटरे का निर्माण लाल पत्थर से कराया जाएगा, जिससे घाट को पारंपरिक और भव्य स्वरूप मिलेगा। यमुना में पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 220 मीटर लंबा चैनल भी खोदा जाएगा। साथ ही अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम हिस्सों में स्लोप पिचिंग कर घाट को मजबूत और सुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि बरसात और जल प्रवाह के दौरान किसी प्रकार की क्षति न हो।
पौराणिक आस्था का केंद्र है अक्रूर घाट
मथुरा-वृन्दावन मार्ग पर स्थित अक्रूर घाट का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि जब कंस के बुलावे पर अक्रूरजी भगवान श्रीकृष्ण और बलराम को लेकर मथुरा जा रहे थे, तब उन्होंने इसी स्थान पर यमुना स्नान किया था। स्नान के दौरान उन्हें जल के भीतर भगवान विष्णु के चतुर्भुज स्वरूप में श्रीकृष्ण और बलराम के दिव्य दर्शन हुए थे। इस अलौकिक घटना के बाद अक्रूरजी को यह अनुभूति हुई कि श्रीकृष्ण कोई सामान्य बालक नहीं बल्कि स्वयं भगवान नारायण के अवतार हैं। यही कारण है कि अक्रूर घाट आज भी श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पवित्र और आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं ब्रज
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ब्रज क्षेत्र में आयोजित होने वाले रंगोत्सव, कृष्ण जन्माष्टमी, राधा अष्टमी और कार्तिक पूर्णिमा जैसे आयोजनों में देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि रंगोत्सव-2026 के मुख्य आयोजनों में 44 लाख से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटक ब्रज पहुंचे, जिसने मथुरा-वृन्दावन की वैश्विक लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 10.24 करोड़ से अधिक पर्यटक मथुरा पहुंचे, जो धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
रेल और सड़क मार्ग से आसान होगी पहुंच
अक्रूर घाट तक पहुंचने के लिए रेल और सड़क दोनों माध्यमों से बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध है। मथुरा रेलवे स्टेशन बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले यात्रियों का प्रमुख केंद्र है। रेलवे स्टेशन के समीप ही बस स्टैंड होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलती है। अक्रूर घाट मथुरा रेलवे स्टेशन से लगभग 16 किलोमीटर तथा नए बस स्टैंड से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को वहां तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
ब्रज पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
सरकार का मानना है कि अक्रूर घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति के साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का भी अनुभव मिलेगा। यह परियोजना न केवल धार्मिक धरोहर के संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन, रोजगार और व्यापार को भी नई दिशा प्रदान करेगी।



