ठाकुर बांकेबिहारी की सेवा में बड़ा बदलाव, फूलों की माला से ठाकुरजी ने बनाई दूरी, जानिये वजह

  • Thursday December 11 2025 - 12:26 AM
  •  

  • - फूलों की माला की जगह अब ठाकुरजी कर रहे मोतियों की माला धारण
  • - मंदिर की सजावट में भी फूलों का प्रयोग नहीं  

वृंदावन। सर्दी का असर बढ़ते ही श्री बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी की सेवा-पद्धति में बड़ा बदलाव किया गया है। शीत ऋतु में आराध्य को ठंड से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से अब फूलों की माला का प्रयोग बंद कर दिया गया है। उसकी जगह अब मोतियों की माला धारण कराई जा रही है। इसके साथ ही मंदिर की सजावट में भी फूलों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है।

मंदिर सेवायतों के अनुसार, सर्दी में फूलों से निकलने वाला पानी ठाकुरजी के लिए ठंड का कारण बन सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए फूलों की माला से दूरी बनाई गई है। ठाकुर बांकेबिहारी को अब गर्म पोशाक धारण कराई जा रही है और श्रृंगार पूरी तरह मौसम के अनुरूप किया जा रहा है।

भोग में भी हुआ बदलाव

सर्दी के मौसम को देखते हुए ठाकुरजी के भोग-राग में भी परिवर्तन किया गया है। अब भोग में ड्राई फ्रूट्स, केसर और गर्म तासीर वाले व्यंजनों की मात्रा बढ़ा दी गई है, ताकि ठाकुरजी को गर्माहट मिले।

बालक स्वरूप की परंपरा निभाते हैं सेवायत

मंदिर सेवायत अशोक गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर बांकेबिहारी की सेवा बालक स्वरूप मानकर की जाती है। जिस प्रकार ब्रज के घरों में बच्चों की देखभाल मौसम के अनुसार की जाती है, उसी परंपरा का पालन करते हुए ठाकुरजी का पहनावा और भोग तय किया जाता है। सर्दी के दिनों में यह बदलाव वर्षों से होता आ रहा है।

मंदिर सजावट में भी बदलाव

सर्दी बढ़ने के साथ अब मंदिर की सजावट में फूलों का प्रयोग बंद कर दिया गया है। उनकी जगह कपड़े और गुब्बारों से सजावट की जा रही है, जिससे वातावरण सुंदर भी बना रहे और ठंड का प्रभाव भी न पड़े।