भारतीय, अरेबियन और रोमन शैली में बना है वृंदावन का टेड़े-मेडे़ खंबों का मंदिर
वृंदावन। वृंदावन का शाहजी मंदिर अद्वितीय स्थापत्य कला के लिए जाना जाता है। लखनऊ के नवावों के करीबी दो ठाकुर राधारमण लाल के भक्त शाह कुंदन लाल और फुंदन लाल ने 1868 में मंदिर का निर्माण कराया था। संगमरमर से बने इस मंदिर में भारतीय, अरेबियन एवं रोमन स्थापत्य कला समाहित है।
मंदिर के सेवाधिकारी शाह प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मंदिर की नींव दोनों भाईयों ने वर्ष 1860 में बसंती पंचमी के दिन रखी। आठ साल में यह मंदिर बनकर तैयार हुआ। बंसत पंचमी के दिन ही मंदिर में ठाकुर श्रीजी के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा हुई। दोनों भाईयों के आध्यात्मिक नाम ललित किशोरी एवं ललित माधुरी था। जिन्होंने हिंदी, ऊर्दू और फारसी में पदोें की रचना की। वर्ष1858 में दोनों भाई लखनऊ छोड़कर वृंदावन पांच हजार सेवकों के साथ आए थे। जिन्होंने बसंती कमरा बनवाया इसमें लगे झांड़ फानूस ऑस्ट्रिया, चैकोस्लावाकिया, वेल्जियम से मंगवाए। दोनों भाइयों की ब्रज के प्रति भक्ति इतनी प्रबल थी कि उन्होंने छवि चित्र फर्श पर अंकित कराए। इसके पीछे उनका भाव था कि मंदिर में आने वाले भक्तों के चरणों की ब्रज रज निरंतर मिलती रहे।
मंदिर के सेवाधिकारी ने बताया कि शाहजी मंदिर का बसंती कमरा वर्ष में दो बाद खुलता है। जिसमें श्रीजी के दर्शन भक्तो को होते हैें। एक बार बसंत पंचमी के अवसर पर दो दिन और दूसरी बार श्रावण मास में रक्षाबंधन पर्व से दो पहले तृयोदशी तिथि को। बाकी दिनों में ठाकुरजी अपने गर्भगृह में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देते हैं।



