श्रीबांकेबिहारी
अब सुबह सात बजे खुलेंगे श्रीबांकेबिहारी मंदिर के पट, तीन घंटे अधिक समय देंगे दर्शन
श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाईपावर्ड कमेटी ने मंदिर के समय में किया बड़ा बदलाव
वृंदावन। श्री बांके बिहारी मंदिर में होली की दौज से दर्शन और आरती के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। मंदिर प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार 5 मार्च से ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी महाराज के नित्य दर्शन और आरतियां नए निर्धारित समय के अनुसार होंगी।
नई व्यवस्था के तहत प्रातःकालीन दर्शन सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होंगे। इस दौरान सुबह 7:10 बजे श्रृंगार आरती और दोपहर 12:25 बजे राजभोग आरती संपन्न होगी। वहीं सांयकालीन दर्शन का समय शाम 4:15 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान रात्रि 9:25 बजे शयनभोग आरती होगी। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित समय के अनुसार दर्शन करने की अपील की है, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने ने इस बार ग्रीष्मकालीन समय सारिण में बड़ा बदलाव किया है। इससे पहले गर्मियों में मंदिर के पट सुबह 7:45 बजे खुलते थे, जिसे अब घटाकर सुबह 7:00 बजे कर दिया गया है। वहीं दोपहर में मंदिर बंद होने का समय पहले 12:00 बजे था, जिसे बढ़ाकर 12:30 बजे कर दिया गया है।
कमेटी द्वारा तय नई समय सारिणी के अनुसार अब सुबह ठाकुरजी भक्तों को लगभग एक घंटा 15 मिनट अधिक दर्शन देंगे। इसी प्रकार शाम के समय में भी मंदिर करीब सवा घंटा अधिक समय तक खुला रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक समय मिल सकेगा।



