ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम
Kedarnath Dham : खुले केदारनाथ धाम के कपाट; 51 क्विंटल फूलों से महका बाबा का दरबार
केदारनाथ। हिमालय की गोद में स्थित विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 8 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। ग्रीष्मकाल के अगले छह महीनों तक अब भक्त बाबा के दर्शन इसी धाम में कर सकेंगे।
कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं धाम में मौजूद रहे। मंदिर परिसर को 51 क्विंटल ताजे गेंदे के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिसकी सुगंध से पूरी केदार घाटी महक रही है। जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के उद्घोष से गुंजायमान हो गया।
प्रधानमंत्री के नाम से हुई पहली पूजा
बीकेटीसी (बदरी-केदार मंदिर समिति) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी दी कि: कपाट खुलने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से भगवान केदारनाथ की पहली विशेष पूजा संपन्न की। पूजा की प्रक्रिया सुबह 5 बजे से ही रावल भीमाशंकर लिंग और पुजारियों द्वारा शुरू कर दी गई थी। पहले ही दिन करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
बर्फबारी के बीच भक्तों का उत्साह
केदारनाथ में हल्की बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। श्रद्धालुओं के लिए दानदाताओं के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। प्रशासन ने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
इस बार लागू हुए कड़े नियम
मर्यादा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर समिति ने इस वर्ष कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
1. डिजिटल प्रतिबंध: मंदिर के 70 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन के उपयोग, फोटोग्राफी और रील बनाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
2. प्रवेश नियम: धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए गैर-सनातनियों का प्रवेश वर्जित किया गया है।
पौराणिक महत्व: मान्यता है कि पांडवों ने गोत्र हत्या के पाप से मुक्ति पाने के लिए यहाँ भगवान शिव की स्थापना की थी। छह माह के शीतकालीन प्रवास के बाद बाबा अब अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए विराजमान हो चुके हैं।



