वृंदावन में खुला प्राचीन बसंती कमरा,श्रीजी ने दिए दर्शन

  • Monday February 07 2022 - 09:11 AM
  •  

  • झाड़-फानूसों की मंधम रोशनी प्रभु दर्शन को लगा तांता 
  • वर्ष में दो बार खुलता है यह प्राचीन कमरा

 वृंदावन। बसंत पंचमी पर्व पर शाहजी मंदिर के बसंती कमरा में श्रीजी ने दर्शन दिए। वर्ष में यदाकदा होने वाले प्रभु के विशेष दर्शन के लिए भोर से ही भक्तों का तातां लगा रहा। भक्तों में राजशाही झाड़ों से रंगबिरंगी रोशनी के बीच प्रभु की एक झलक पाने के लिए होड़ मची रही। 

टेड़ेमेड़े खंबों के मंदिर के नाम से प्रसिद्ध शाहजी मंदिर में प्रभु दर्शन पाने के लिए शनिवार सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने डेरा डाल दिया। प्रात: दस बजे जैसे ही प्राचीन बसंती कमरा के पट खुलते ही श्रद्धालु प्रभु शाहबिहारी के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। सेवायत शाह प्रशान्त कुमार ने भगवान का वेदमेत्रोंच्चारों के बीच अभिषेक कर भव्य श्रृंगार किया। इस प्राचीन एवं ऐतिहासिक कमरे में ही छप्पन भोग लगाया गया। बड़े-बड़े शोभायमान प्राचीन झाड़ फानूसों के मध्य से निकलता रंगबिरंगा विद्युत प्रकाश प्रभु के प्राचीन कमरे की दैदिप्यमान छटा बिखेर रहा था। स्थानीय भक्तों के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी प्रभु दर्शन का भरपूर आनन्द लिया। 

मंदिर के शाह प्रशांत कुमार ने बताया कि रविवार को सायं छह से नो बजे तक एक बार फिर बसंती कमरा में प्रभु शाहबिहारी दर्शन देंगे। इसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि शाहजी मंदिर में बने बसंती कमरे का विशेष एवं प्राचीन महत्व है। इसमें प्रभु वर्ष भर में दो बार बसंती कमरे में विराजमान हो भक्तों को दर्शन देते हैं।