वृंदावन: राजकीय बाल गृह से कंबल की रस्सी बनाकर छत से कूदकर पांच किशोरी भागीं

  • Wednesday January 28 2026 - 02:34 AM
  •  

  • एसएसपी ने किशोरियों की तलाश में पांच पुलिस टीमें की रवाना
  • दो किशोरी घर से, एक चारधाम मंदिर के समीप से, एक नोएडा से सकुशल बरामद

वृंदावन। चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) से सोमवार रात को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब पांच किशोरियां कंबल की रस्सी बनाकर छत से कूदकर फरार हो गईं। बताया गया कि बालिका संरक्षण गृह की पहली मंजिल की छत से कंबल की रस्सी के सहारे उतरकर किशोरियां पीछे स्थित खाली प्लॉट में कूद गईं और वहां से भाग निकलीं। किशोरियों के अचानक गायब होने से संरक्षण गृह में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। किशोरियों की तलाश में तत्काल पांच पुलिस टीमें गठित कर रवाना की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागी हुई पांच में से चार किशोरियों को अलग-अलग स्थानों से सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि एक किशोरी की तलाश जारी है।

 सीसीटीवी और सुरक्षा के बावजूद भागीं किशोरियां

नगर के चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) की पहली मंजिल की छत के रास्ते सोमवार रात को पांच किशोरियां कंबल की रस्सी बनाकर नीचे उतरीं और पीछे स्थित खाली प्लॉट के रास्ते फरार हो गईं। रात में सदन प्रभारी ने पुलिस को सूचना दी कि राजकीय बाल गृह (बालिका) में रह रही पांच किशोरियां गायब हो गई हैं।

सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद 14 से 17 वर्ष आयु की किशोरियों के भाग जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी सिटी और डीपीओ संरक्षण गृह पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

कंबल ओढ़कर निकलती दिखीं किशोरियां

सदन प्रभारी गायत्री मिश्रा ने बताया कि रात साढ़े 10 से 11 बजे के बीच महावन, अलीगढ़, नौहझील, दिल्ली और आगरा की रहने वाली पांच किशोरियां संरक्षण गृह से गायब हो गईं। पुलिस टीम द्वारा जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो किशोरियां कंबल ओढ़कर सदन से बाहर निकलती हुई दिखाई दीं।

चार किशोरियां सकुशल बरामद, एक की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो किशोरियों को उनके घर से, एक किशोरी को चारधाम मंदिर के समीप से और अलीगढ़ की रहने वाली एक किशोरी को नोएडा स्थित उसके दोस्त के यहां से सकुशल बरामद कर लिया है। जबकि दिल्ली निवासी एक किशोरी की तलाश अभी जारी है।

प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि रात करीब एक बजे सूचना मिली थी कि राजकीय बालिका संरक्षण गृह से पांच बालिकाएं भाग गई हैं। डीपीओ की तहरीर पर एक अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस की पांच टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं और सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की जा रही है। देर रात तक चार बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया है, जबकि एक की तलाश जारी है।