श्रीहित करुणा बेली का सामूहिक सस्वर पाठ करते गोस्वामी एवं वाणी सेवक।
वृन्दावन: राधावल्लभ संप्रदाय के ‘हितोत्सव’ में भक्ति की बयार, आचार्य योगेन्द्र वल्लभ के तीन रस ग्रंथ महाप्रभु को अर्पित
वृन्दावन। राधावल्लभ संप्रदाय के प्रवर्तक श्रीहित हरिवंश चंद्र महाप्रभु के नवदिवसीय 'हितोत्सव' समारोह के पांचवें दिन वृन्दावन की कुंज गलियां आध्यात्मिक रस में सराबोर हो गईं। संतों और गोस्वामीजनों की उपस्थिति में भगवान के माधुर्य स्वरूप का दिग्दर्शन कराने वाले तीन प्रमुख रस ग्रंथों को महाप्रभु के चरणों में अर्पित किया गया।
तीन नए रस ग्रंथों का हुआ 'हितार्पण'
आध्यात्मिक आयोजन के दौरान ग्रंथ रचनाकार एवं संपादक आचार्य योगेन्द्र वल्लभ गोस्वामी द्वारा रचित तीन विशिष्ट ग्रंथों का विमोचन और समर्पण किया गया:
1. श्रीहित करुणा बेली
2. श्रीराधा रस चालीसा
3. श्री वृन्दावन प्रेम रस बेली
आचार्य योगेन्द्र वल्लभ ने कहा, "भगवान का लीला विग्रह पूर्णतः माधुर्य स्वरूप है। उनकी उपासना का एकमात्र मार्ग प्रेम और माधुर्य ही है। ये ग्रंथ भक्तों को निकुंज रस और आनंद की प्राप्ति कराने में सहायक सिद्ध होंगे।"
सस्वर पाठ से गुंजायमान हुआ पुराना राधावल्लभ मंदिर
रसावतार श्रीहित हरिवंष महाप्रभु सांस्कृतिक संस्थान के तत्वावधान में प्रातः पुराने राधावल्लभ मंदिर में विशेष सत्र आयोजित हुआ। संप्रदाय के मुख्य ग्रंथ श्रीहित चतुरासी' का गोस्वामीजनों द्वारा सामूहिक सस्वर पाठ किया गया। वहीं, राकेश मुखिया ने 'श्रीहित करुणा बेली' का मधुर पाठ कर भक्तों को भावविभोर कर दिया।
सेवाकुंज में छप्पन भोग और बधाई गायन
उत्सव के पांचवें दिन सायंकाल निज महल, सेवाकुंज में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। निकुंज के दिव्य वातावरण में श्रद्धालुओं ने महाप्रभु की बधाई के पदों और भजनों का श्रवण किया। इस दौरान आराध्य श्रीराधारानी को 'छप्पन भोग' निवेदित किए गए, जिसके दर्शनों के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
महोत्सव में उपस्थित रहे
इस आध्यात्मिक महोत्सव में राधावल्लभ संप्रदाय के गणमान्य संत और गोस्वामीजन उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से आचार्य यतीन्द्र वल्लभ गोस्वामी, राधेषलाल गोस्वामी महाराज, मनोज गोस्वामी, नागेंद्र वल्लभ गोस्वामी, मनमोहन गोस्वामी, गिरीष अग्रवाल, शरद शुक्ला, ताराचंद शर्मा, अनिल सोनी व श्रद्धालु शामिल हुए।



