446 करोड़ की सौगात: जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन को 42 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी

  • Wednesday September 02 2026 - 02:00 AM
  •  

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन को विकास कार्यों का एक बड़ा उपहार मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर क्षेत्र की आधारभूत संरचना, पर्यटन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए कुल 446.09 करोड़ रुपये की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।

यह विकास कार्य उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।

परियोजनाओं का विवरण:

  • 19 परियोजनाओं का शिलान्यास: ₹263.69 करोड़ की लागत वाली नई योजनाओं की नींव रखी जाएगी।

  • 23 परियोजनाओं का लोकार्पण: ₹182.39 करोड़ की लागत से पूरी हो चुकी योजनाओं का जनता के लिए उद्घाटन किया जाएगा।

शिलान्यास की जाने वाली प्रमुख परियोजनाएं

  • गोवर्धन तहसील के ऊंचागांव स्थित सखीगिरी पर्वत क्षेत्र का ईको-रेस्टोरेशन

  • महावन प्रेमनगर के बौद्ध विहार परिसर में पर्यटक सुविधाओं का विकास।

  • शेरगढ़ स्थित श्री दाऊजी मंदिर परिसर का संरक्षण एवं जीर्णोद्धार।

  • फरह के दीनदयाल धाम में पर्यटन अवस्थापना केंद्र का निर्माण।

  • वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर फसाड लाइटिंग एवं सौंदर्यीकरण कार्य।

  • छाता क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क का निर्माण।

  • छटीकरा-वृंदावन मार्ग व मथुरा कट से टैंक चौराहा मार्ग का सुंदरीकरण।

  • श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र की गलियों का फसाड विकास तथा बरसाना परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था।

लोकार्पित होने वाली प्रमुख परियोजनाएं

  • अकबरपुर जैत में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर का उद्घाटन।

  • वृंदावन के सुनरख में सौभरि ऋषि वाटर बॉडी का सौंदर्यीकरण और नौहझील में झाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धालु सुविधाएं।

  • पानीगांव यमुना पुल और केशीघाट पर फसाड लाइटिंग।

  • मथुरा परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण व बहुभाषीय साइनेज लगाना।

  • यमुना एक्सप्रेस-वे से पागल बाबा मंदिर मार्ग पर भव्य प्रवेश द्वार।

  • विश्व बैंक सहायतित परियोजनाओं के तहत सीएलटी सेंटर, फ्लावर मैनेजमेंट सेंटर और आर्टीशन विलेज (Artisan Village) का विकास।

ब्रज के पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई गति उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ एवं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि इन परियोजनाओं से ब्रज क्षेत्र में आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं के लिए यात्री सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार होगा। सड़क, प्रकाश व्यवस्था और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ स्थानीय हस्तशिल्प और रोजगार को भी नया आयाम मिलेगा।