राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में रामकथा सुनायेंगे देवकीनंदन महाराज
- अयोध्या मे संस्कृति विभाग करायेगा 15 से 23 जनवरी तक रामकथा
वृंदावन। वृंदावन के कथा प्रवक्ता देवकीनंदन महाराज अयोध्या में राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा समारोह में पहुंचने वाले भक्तों को श्रीराम कथा श्रवण कराएंगे। प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा 15 जनवरी से अयोध्या में श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार से अयोध्या में सरयू तट पर बनाये गये ‘भजन संध्या स्थल’ पर श्रीराम कथा का शुुभारंभ होगा।
रविवार को ठाकुर प्रियाकांतजु मंदिर के दर्शन कर देवकीनंदन महाराज ने अयोध्या के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर रामकथा वाचन को कई जन्मों का सौभाग्य है। अब तक जीवन में भगवान की बहुत कथायें कहीं हैं लेकिन यह सर्वोत्तम अवसर सभी के पुण्यों का प्रसाद है। उन्होने कहा कि भगवान श्रीराम का मर्यादित जीवन चरित्र संपूर्ण मानव जाति के लिये शिक्षाप्रद है। श्रीराम ने 500 वर्ष पश्चात मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा का यह अवसर प्रदान किया है। विभिन्न रामायणों में वर्णित प्रसंगों के माध्यम से राम और रामायण के संदेश को अधिक से अधिक युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करुंगा। मंदिर मीडिया प्रभारी जगदीश वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा अयोध्या धाम में ‘रामोत्सव 2024’ के अंतर्गत रामकथा का आयोजन किया जाएगा, इसमें 15 से 23 जनवरी तक देवकीनंदन महाराज व्यासपीठ से श्रीरामकथा श्रवण करायेंगे । सरयू तट समीप भजन संध्या स्थल पर प्रतिदिन प्रात: 10.30 बजे से दोपहर 1.30 तक भक्त कथा श्रवण कराएंगे।
अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राणप्रतिष्ठा आयोजन की पूरे देश में चर्चा है । उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के सुदूर प्रदेशों से भी रामभक्त अयोध्या आने को लालायित हैं । सरकार भी इस आयोजन को भव्यता प्रदान कर रही है । वहीं मंदिरों की नगरी मथुरा-वृन्दावन का भी अयोध्या के इस आयोजन से सीधा जुड़ाव हो रहा है । वृन्दावन के प्रियाकान्तजु मंदिर संस्थापक एवं भगवद् कथा प्रवक्ता देवकीनंदन महाराज को इस विशेष आयोजन में श्रीराम कथा श्रवण कराने का अवसर मिला है ।



