वृंदावन में मीरा बाई और चैतन्य महाप्रभु की प्रतिमा स्थापित की जाएगीः हेमा मालिनी

  • Friday November 24 2023 - 11:33 PM
  •  

मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि वृंदावन में श्रीकृष्ण भक्त मीरा बाई और चैतन्य महाप्रभु की भी प्रतिमा स्थापित की जायेगी और अध्यात्म से जुड़े महापुरुषों के विषय में भी कार्य किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिवर्ष होने चाहिए, जिससे आज की युवा पीढी को उन्हें जानने का अवसर मिलेगा। 

यह बात उन्होंने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद् द्वारा मथुरा के रेलवे ग्राउंड में आयोजित ब्रज रज उत्सव 2023 में श्रीकृष्ण भक्त मीरा बाई के 525वें जन्मोत्सव पर “संत मीरा बाई के विविध रुप” विषय पर संगोष्ठी के शुभारंभ अवसर पर कही। 

ब्रज तीर्थ विकास परिषद् के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि मीरा बाई के भाव को और उनके प्रभाव को जानना चाहिए। जिस समय मुगल शासन था उस समय मीरा बाई कैसे समाज के मध्य आ पाईं, जिनका नाम आज सहजता से ले रहे है।ं उनके आध्यामिक प्रभाव को हम अपने जीवन में नहीं उतारते है, तब तक सब बेकार है। उन्होंने कहा कि जिसे विष पीने की तत्परता हो जाये तो यह कोई साधारण बात नही हो सकती है।

उन्होंने कहा कि मीरा बाई प्रेम की मूरत थीं वो श्रीकृष्ण की भक्ति में पूर्ण रुप से तन्मय होकर ही करती थीं । देवरहा बाबा भी हमेशा ही मीरा बाई के विषय में कहते थे । वह कहते थे कि तन्मयता से ही प्रभु की प्राप्ति हो सकती है अगर जीवन में तन्मयता नहीं है तो परमात्मा का साक्षातकार होना भी असंभव है मीरा बाई तन्मयता की प्रतीक हैं। आज वृंदावन की कुंज गलियों की यमुना जी की रक्षा हमें करनी होगी।

कार्यक्रम में अन्य साहित्यकारों में सुधाकर अजीत लखनऊ सत्य नारायण समधानी राजस्थान अरविन्द तेजावत हरियाणा सुश्री रोहिणी अग्रवाल हरियाणा अदिति माहेश्वरी वाणी प्रकाशन दिल्ली ने विचार प्रकट किये।

इस अवसर पर परिषद् के सीईओ नगेंद्र प्रताप, जीएलए यूनीवर्सिटी के छात्र छात्राओं के साथ साथ बड़ी संख्या शोधार्थी छात्र तथा अध्यापकों मौजूद रहे। संगोष्ठी का संचालन कवि नारायण अग्रवाल ने किया।