वृंदावन पीईटी परीक्षा 2025: नाम मिसमैच में औरैया का परीक्षार्थी पकड़ा, जेल भेजा गया

  • Tuesday September 09 2025 - 01:12 AM
  •  

  • बायोमेट्रिक स्कैनिंग में हुआ खुलासा
  • पहले विनीत कुमार नाम से दी थी परीक्षा

वृंदावन। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET 2025) में धांधली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वृंदावन के कान्हा माखन पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक स्कैनिंग के दौरान एक परीक्षार्थी को फर्जीवाड़े में पकड़ा गया। आरोपी ने पहले अलग नाम से परीक्षा दी थी और इस बार नए नाम से पुनः परीक्षा देने पहुंचा था।

कौन है पकड़ा गया परीक्षार्थी?

पुलिस के अनुसार, औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के ममरेजपुर खाम नवादा निवासी गजेंद्र सिंह यादव (33 वर्ष) रविवार को शाम तीन से पांच बजे वाली पाली में वृंदावन परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। बायोमेट्रिक मिलान के दौरान उसकी आंखों और चेहरे की स्कैनिंग असंगत पाई गई।

कब और कैसे खुली पोल?

जांच एजेंसी की रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि गजेंद्र सिंह ने अक्टूबर 2023 में आगरा के ज्ञान इंटर कॉलेज में "विनीत कुमार" नाम से पीईटी परीक्षा दी थी। इस बार उसने अपने वास्तविक नाम से परीक्षा देने की कोशिश की। नाम और बायोमेट्रिक में असमानता मिलते ही परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक विनय शर्मा ने अभ्यर्थी के विरूद्ध एफआईआर भी वृंदावन कोतवाली में दर्ज कराई है। 

आरोपी ने पुलिस पूछताछ में क्या कहा?

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2006 में हाईस्कूल परीक्षा गजेंद्र सिंह के नाम से पास की थी। लेकिन उम्र छिपाने के लिए उसने 2018 से "विनीत कुमार" नाम का इस्तेमाल करना शुरू किया और उसी नाम से प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हुआ।

पुलिस की कार्रवाई

इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पर एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया है।