भगवान जगन्नाथ हुए बीमार, भक्तों को 15 दिन नहीं देंगे दर्शन

  • Thursday June 16 2022 - 11:34 PM
  •  

  • स्नान यात्रा के बाद प्रभु को आया बुखार
  • भगवान को सेवक दशमूला अरिष्ठ का दे रहे काढ़ा  
  • धर्मनगरी के कई मंदिरों में प्रभु नहीं दे रहे भक्तों को दर्शन 
  • भगवान की होगी 15 दिनों तक अंगराग सेवा 

वृन्दावन। धर्मनगरी वृन्दावन के कई मंदिरों में स्नान यात्रा के बाद आज भगवान जगन्नाथ बीमार हो गए हैं। मंदिर में प्रभु को स्वस्थ्य करने के लिए सेवक एवं वैद्य उनके जड़ी.बूटियों से उपचार कर रहे हैं। प्रभु के बीमार होने से अब वह 15 दिनों तक भक्तों को दर्शन नहंीं देंगे। इन 15 दिनों में प्रभु की अंगराग सेवा की जाएगी। अब ठाकुरजी के दर्शन 30 जून की शाम को होंगे और 1 जुलाई रथयात्रा निकली जाएगी। जिसमें भगवान जगन्नाथ अपने भ्राता बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। 

नगर के जगन्नाथ मंदिर में विराजमान प्रभु जगन्नाथ ने स्नान यात्रा की। इसमें प्रभु सेवकों ने पंचामृत एवं फलों के रसों से अभिषेक किया और विशेष पूजा अर्चना की। मंगलवार शाम पांच बजे भक्तों ने प्रभु के स्नान यात्रा के दर्शन किए। इसके बाद से प्रभु के पट बंद हो गए। प्रभु बीमार हो गए हैं। 15 दिनोें तक सेवक उनको काढा, औषधि की सेवा करेंगे। इस बीच प्रभु की अंगराग सेवा निरंतर की जाएगी। 

मंदिर के सेवकों ने बताया कि इन 15 दिनों में दारुण यानी काष्ठ के रुप में प्रकट हुए भगवान जगन्नाथ को संवारा और सजाया जाता है। उन्हें उड़ीसा एवं पंण्बंगाल से आए सेवक नए रंगों से स्वरुप प्रदान करते हैं। भगवान जगन्नाथ 15 दिन में स्वस्थ्य होने के पश्चात आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा 30 जून की शाम को दर्शन देंगे। इसके बाद 1 जुलाई रथयात्रा निकली जाएगी। जिसमें भगवान जगन्नाथ अपने भ्राता बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। 

जगन्नाथ मंदिर के स्वामी ज्ञानप्रकाश महाराज इससे पहले मंदिर के पट खुलने पर सर्वप्रथम भगवान जगन्नाथ कपिला गाय के दर्शन करेंगे इसके पश्चात प्रभु के विशेष पूजा सेवा की जाएगी। छप्पन भोग लगाया जाएगा। शाम को भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देंगे। इस परंपरा को रथयात्रा उत्सव के नाम से जाना जाता है। 

वहीं परिक्रमा मार्ग राजपुर क्षेत्र स्थित जगन्नाथ मंदिर के स्वामी भक्ति प्रदीप पर्यटक महाराज ने बताया कि भगवान को प्रतिदिन बूटियों का काढा, फलों के रस से सेवा की जाएगी। इन दिनों अस्वस्थ्य होने के कारण प्रभु भक्तों को दर्शन नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रभु जगन्नाथ दारुण यानी काष्ठ के रुप में प्रकट हुए। प्रभु अखण्ड आनन्द का दान देते हैं। इसलिए इन्हें गजन्नाथ कहा गया है। 

 जगन्नाथपुरी से वृन्दावन ऐसे आई यह धर्म परंपरा 

हिन्दी माह आषाढ में भगवान जगन्नाथ महाराज की यह धर्म पंरपरा करीब पांच सौ वर्ष से चली आ रही है। उड़ीसा के जगन्नाथपुरी से वृन्दावन में इस परंपरा की नींव करीब पांच सौ वर्ष पूर्व पंजाब के प्रभु के अनन्य भक्त हरिदास ने रखी थी। वह जगन्नाथपुरी से भगवान जगन्नाथ का काष्ठ का विग्रह को वहां के तत्कालीन राजा रुद्रप्रताप देव से लाए थे। तभी से वृंदावन में भी पुरी के साथ इस धर्मपरंपरा की शुरुआत हुई। इस दौरान पुरी एवं वृंदावन के जगन्नाथ मंदिर में प्रभु सेवक अंगराग यानी प्रभु के काष्ठ विग्रहों को रंगरुप देकर सेवा कर रहे हैं।

मान्यता है कि ज्येष्ठमास की पूर्णिमा को स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ को बुखार आ जाता है। इस कारण उन्हें पन्द्रह दिन एकांतवास में जड़ी बूटियों से उपचार किया जाता है। इन जड़ी बूटियों से बने काड़ा से प्रतीकात्मक उपचार के दौरान उनके विग्रह का नियमित रुप से विधि विधान के साथ अभिषेक किया जाता है। जिसे प्रसाद स्वरुप भक्तों में वितरित किया जा रहा है।