धीरेंद्र शास्त्री भक्तों से बोले- घर से ही करें आराधना, 4 जुलाई को बागेश्वर धाम ना आएं
छतरपुर। यूपी के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में आयोजित एक सत्संग में मंगलवार दोपहर को हुई भगदड़ में 116 लोगों की मौत हो गई। इसे देखते हुए बागेश्वर धाम सरकार ने अत्यधिक भीड़ होने के कारण भक्तों से खास अपील की है। उन्होंने भक्तों से अनुरोध किया है कि घर से ही आराधना करें और बागेश्वर धाम ना आएं। दरअसल, 4 जुलाई को बागेश्वर धाम में बड़ा कार्यक्रम आयोजित होना है। कार्यक्रम की तैयारियां भी हो चुकी थीं लेकिन हाथरस हादसे से सबके लेते हुए भक्तों से घर से ही आराधना करने की अपील की गई है।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट के जरिये कहा, ‘अत्यधिक भीड़ होने के कारण पूज्य सरकार ने आप सभी से अनुरोध किया है कि घर से ही अभी कुछ दिनों तक बालाजी सरकार की आराधना करें. किसी तरीके की होनी-अनहोनी ना हो जाए इसी लिए पूज्य सरकार ने सभी जनता को सचेत किया है आज अथाह भीड़ धाम पर आयी थी।’
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘बागेश्वर धाम से जितने लोग जुड़े हैं, वो हमारे आत्मीयजन हैं। 4 जुलाई को दूर-दूर से लोग बागेशर धाम आ रहे हैं। खूब व्यापक व्यवस्था हमने की थी लेकिन 1 जुलाई से ही जनसमुदाय में अपार भीड़ पहुंच गई है। आप लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जो जहां है, वहीं से उत्सव मनाएं। आगामी गुरु पूर्णिमा को 21 जुलाई को हम और व्यापक मैदान की व्यवस्था करेंगे और आप लोगों के स्वागत का इंतजार करेंगे. गुरु पूर्णिमा उत्सव आप मिलकर मनाएंगे और बागेश्वर बालाजी के दर्शन भी करेंगे।’



