राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ठाकुर बांकेबिहारी के किए दर्शन, पूजा-अर्चना में अर्पित किए फल-मिठाई और 5100 रुपये

  • Thursday September 25 2025 - 10:26 PM
  •  

वृंदावन। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को परिवार के साथ वृंदावन स्थित विश्वप्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने ठाकुरजी के विशेष श्रृंगार दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति अपने साथ फल और मिठाई के थाल लेकर आईं, जिन्हें उन्होंने ठाकुरजी को अर्पित किया। साथ ही उन्होंने मंदिर के सेवायत को 5100 रुपये का लिफाफा भी भेंट किया।

राष्ट्रपति ने जलाया चांदी का दीपक

मंदिर के सेवायत गौरव गोस्वामी और फ्रेंकी गोस्वामी ने राष्ट्रपति से विधिविधान के साथ पूजा कराई। राष्ट्रपति ने सबसे पहले चांदी का दीपक जलाया और फिर फल व मिठाई का थाल ठाकुरजी को अर्पित किया।

विशेष श्रृंगार में विराजमान ठाकुरजी

इस खास मौके पर ठाकुर बांकेबिहारी का जरी की सतरंगी पोशाक और विशेष श्रृंगार किया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ठाकुरजी के इस दिव्य रूप को अपलक निहारती रहीं।

पूजन और पंच कलश अनुष्ठान

पूजन के बाद राष्ट्रपति ने मंदिर की चंदन कोठरी के बाहर छोटी देहरी पर देहरी पूजन किया। गुलाब के इत्र से मंत्रोच्चारण के बीच कुंजबिहारी अष्टक पाठ और पंच कलश पूजन संपन्न हुआ।

राष्ट्रपति को मिला विशेष प्रसाद और भेंट

मंदिर सेवायत फ्रेंकी गोस्वामी और गौरव गोस्वामी ने राष्ट्रपति को ठाकुरजी की प्रसादी माला, अंग वस्त्र इकलाई, चांदी की मुरली, पक्का व कच्चा प्रसाद, छप्पन भोग प्रदान किया। इस दौरान मंदिर हाईपावर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार, सदस्य दिनेश गोस्वामी, श्रीवर्धन गोस्वामी, विजयकृष्ण गोस्वामी ने ठाकुरजी की तस्वीर  भेंट की, जो कि राष्ट्रपति भवन की शोभा बढ़ाएगी। 

सेवायत परिवार के लिए सौभाग्य का अवसर

मंदिर सेवायत फ्रेंकी गोस्वामी और गौरव गोस्वामी ने कहा कि   “यह हमारे परिवार के लिए गर्व का विषय है कि हमें देश की राष्ट्रपति को ठाकुरजी के दर्शन और पूजन कराने का अवसर मिला। इससे पहले तीन अन्य राष्ट्रपतियों को भी ठाकुरजी के दर्शन कराने का सौभाग्य हमें प्राप्त हुआ था।”

हाईपावर कमेटी ने राष्ट्रपति गेट पर स्वागत किया 

श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाईपावर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने कमेटी के सदस्य एवं मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी, श्रीवर्धन गोस्वामी, विजय कृष्ण गोस्वामी के साथ मंदिर के प्रवेश द्वारा पर और पटुका पहना कर स्वागत किया। 

राष्ट्रपति ने निधिवन में की पूजा अर्चना

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के बाद वह आराध्य बांकेबिहारी की प्राकट्य स्थली निधिवन पहुंची। यहां मंदिर के सेवायतों ने स्वामी हरिदास महाराज की समाधि स्थल, शीश महल एवं श्रीराधारानी एवं स्वामी हरिदास मंदिर के दर्शन कराए। सेवायत गोस्वामियों ने उन्हें मंदिर की प्रसादी माला, पटुका और प्रसाद दिया। 

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगाई, जिससे कुछ जगहों पर हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के वृंदावन आने से डेढ़ घंटे पहले से ही बांकेबिहारी मंदिर को जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिये। सभी रास्तों और संकरी गलियांें में तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा गार्डों ने नो बजे से ही श्रद्धालुओं को मंदिर की ओर जाने से रोका। मंदिर पूरी तरह से खाली रहा। मार्गों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। सुदूर क्षेत्रों से आए भक्तजन अपने मंदिर तक पहुंचने और ठाकुजी के दर्शन के लिए हर संभव जतन करते दिखे। पौने दो घंटे मंदिर खाली रहा और मार्ग पर भी सन्नाटा पसरा रहा।