विश्व के सबसे ऊंचे बनने वाले चंद्रोदय मंदिर के हॉल में होगा महाभिषेक

  • Thursday September 07 2023 - 09:01 AM
  •  

  • 108 कलशों से ठाकुर श्रीराधावृंदावन चंद्र का होगा महाभिषेक
  • फलों का रस, पंचामृत,औषधियों एवं पुष्पों से होगा महाभिषेक
  • महाभिषेक रात 10 से 12 बजे तक होगा 

वृंदावन। वृंदावन में विश्व के सबसे ऊंचे निर्माणाधीन चंद्रोदय मंदिर के दक्षिण भाग में बने हॉल में पहली बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान राधा वृंदावन चंद्र का महाभिषेक होगा। ब्रहस्पतिवार की मध्य रात्रि को होने वाले अभिषेक की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। 

वृंदावन चंद्रोदय मंदिर का दक्षिण भाग बनकर तैयार हो गया है। इसके विशाल हॉल में बृहस्पतिवार को कान्हा के जन्मोत्सव की रात 12 बजे महाभिषेक किया जाएगा। अभिषेक मंदिर के अध्यक्ष चंचलापति दास द्वारा मंत्रोच्चारो और शंखध्वनि के मध्य किया जाएगा। 

मंदिर के मीडिया प्रभारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में 3750 वर्गमीटर का नवीन हॉल बनाया गया है। जिसमें भगवान की मूर्ति स्थापित की जा चुकी है। इस हॉल में रात को आठ बजे लड्डू गोपाल का अभिषेक होगा। साढे आठ बजे भजन संख्या का आयोजन होगा। रात दस बजे महाभिषेक शुरु होगा। ठाकुर राधा वृंदावन चंद्र का 108 कलशों से अभिषेक किया जाएगा। फलों के रस, पंचामृत दूध, दही, घृत, शहर और बूरा, औषधियों और पुष्पों से महाभिषेक किया जाएगा। अभिषेक दो घंटे तक रात्रि 12 बजे तक होगा। इसके बाद महाआरती की जाएगी।  विभिन्न शहरों से आए श्रद्धालुओं को ठाकुरजी का चरणामृत एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।