दिल्ली कार ब्लास्ट की जांच में बड़ा खुलासा: फरीदाबाद के सेकेंड-हैंड डीलर से खरीदी गई थी संदिग्ध कार

  • Tuesday November 11 2025 - 11:46 PM
  •  

नई दिल्ली। लाल किले के पास हुए कार विस्फोट मामले में जांच एजेंसियों को एक बड़ा सुराग मिला है। विस्फोट में इस्तेमाल की गई हुंडई आई-20 कार फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित एक सेकेंड-हैंड कार डीलर से खरीदी गई थी। यह वही कार थी जो सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास धमाके में शामिल थी, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी।

जांच में सामने आया है कि यह कार शुरू में मोहम्मद सलमान नामक व्यक्ति के पास थी, जिसे सोमवार रात गिरफ्तार किया गया था। इस कार का मालिकाना हक कई बार बदला गया। पहले इसे नदीम ने खरीदा, फिर फरीदाबाद के एक सेकेंड-हैंड डीलर को बेचा गया। इसके बाद कार आमिर, फिर तारिक और अंत में मोहम्मद उमर तक पहुंची। जांच एजेंसियां आमिर और तारिक दोनों के आतंकी कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला है कि सफेद आई-20 कार दोपहर करीब 3:19 बजे लाल किला पार्किंग क्षेत्र में खड़ी की गई थी और लगभग तीन घंटे तक वहीं रही। शाम करीब 6:48 बजे कार पार्किंग से बाहर निकलती दिखी। उस समय आसपास भारी भीड़ थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार को कौन लेकर आया और कौन चलाकर ले गया। 

जांच अधिकारी ने बताया कि कार की मूवमेंट को ट्रैक करने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें पार्किंग टोल प्लाजा और आस-पास की सड़कों के कैमरे शामिल हैं। प्राथमिक जांच में कार के अंदर केवल एक व्यक्ति दिखाई दिया है, जिसे संदिग्ध माना जा रहा है। यह विस्फोट फरीदाबाद में हाल ही में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामले से संबंधित बताया जा रहा है। कुछ घंटे पहले ही दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद से करीब 2,900 किलोग्राम विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था। सूत्रों के अनुसार, इस मॉड्यूल के संपर्क जम्मू-कश्मीर के दो डॉक्टरों, आदिल अहमद राथर और मुजम्मिल से जुड़े थे, जिन्हें बीते दिनों गिरफ्तार किया गया था। इनके गिरफ़्तार होने के बाद ही मॉड्यूल में दहशत फैल गई और जल्दबाजी में यह विस्फोट किया गया।

इस मामले में यूएपीए की धारा 16 और 18, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और एनआईए की टीमें अब इस आतंकी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।