श्री बांकेबिहारी मंदिर में गोस्वामियों ने किया प्रदर्शन
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में गोस्वामियों ने किया प्रदर्शन, कॉरिडोर एवं न्यास के गठन का किया विरोध
वृंदावन।श्री बांकेबिहारी मंदिर न्यास और कॉरिडोर के निर्माण के विरोध में एक बार फिर मंदिर के सेवायत गोस्वामी के स्वर मुखर हुए। बुधवार बांकेबिहारी मंदिर के गोस्वामियों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया।
बुधवार को श्रीबांकेबिहारी मंदिर की राज भोग आरती के बाद सेवायत गोस्वामी मंदिर परिसर के अंदर एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी की। विरोध कर रहे गोस्वामियों ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर मंदिर और वृंदावन को अपने से दूर नहीं जाने देंगे। गोस्वामियों ने नारेबाजी करते हुए कॉरिडोर और न्यास के गठन का विरोध किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया।
गोस्वामी स्वामी हरिदास जी के वंशज
श्री बांके बिहारी मंदिर में एकत्रित हुए गोस्वामियों ने कहा कि वह स्वामी हरिदास जी के वंशज हैं। मंदिर के सेवायत आशीष गोस्वामी ने बताया कि श्री बांके बिहारी मंदिर गोस्वामियों की निजी संपत्ति है। हम लोगों ने जन्म से ठाकुर जी की सेवा पूजा की है। तन मन और धन से सेवा की है। आज सरकार बाहरी चंद लोग के सिखाए में आकर बांके बिहारी महाराज को हमसे छीनना चाहते हैं। इसका पूरा गोस्वामी समाज विरोध करता है।
प्राण न्यौछावर कर देंगे पर श्रीबांके बिहारी मंदिर नहीं छोड़ेंगे
मंदिर में विरोध कर रहे सेवायत आशीष गोस्वामी ने बताया कि गोस्वामी समाज इस प्रयास को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगा। हमको भले ही अपने प्राण न्यौछावर करने पड़ें हम अपने बिहारी जी और वृंदावन को नहीं छोड़ेंगे। हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि अगर सरकार अधिग्रहण करने से बाज नहीं आई तो वह प्रदेश की योगी सरकार से इच्छा मृत्यु की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हमारे ठाकुरजी को ले जा रही है तो हमको इच्छा मृत्यु भी दे।



