Jabalpur Cruise Incident: पर्यटकों से भरा क्रूज डूबने से कोहराम, 4 की मौत, 11 अब भी लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

  • Thursday April 30 2026 - 11:15 PM
  •  

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल बरगी बांध में गुरुवार की शाम पर्यटकों से भरा एक आलीशान क्रूज अचानक आई तेज आंधी और लहरों के थपेड़ों के कारण बीच पानी में डूब गया। इस भीषण हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 11 लोग अब भी गहरे पानी में लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और SDRF की टीमें रात के अंधेरे में भी सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

शाम की सैर बदली मातम में

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग का क्रूज प्रतिदिन की तरह गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे पर्यटकों को लेकर बांध की लहरों के बीच सैर पर निकला था। क्रूज पर कैप्टन महेश पटेल सहित कुल 30 लोग सवार थे। जब क्रूज खमरिया टापू के पास पहुंचा, तभी अचानक मौसम ने करवट ली और बर्फीली हवाओं के साथ तेज आंधी चलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लहरें इतनी ऊंची थीं कि क्रूज असंतुलित होकर एक तरफ झुक गया और उसमें पानी भरने लगा। देखते ही देखते क्रूज पानी में समा गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन: अब तक की स्थिति

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय मल्लाहों और प्रशासन ने मोर्चा संभाला। अब तक 15 पर्यटकों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया है। लापता बताए जा रहे क्रूज के कैप्टन महेश पटेल को भी रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित ढूंढ निकाला है।रात 8 बजे तक 4 शवों को बरामद कर लिया गया है।

लापता: 11 लोग अभी भी लापता हैं। गोताखोरों की टीम गहरे पानी में उनकी तलाश कर रही है, हालांकि अंधेरा और खराब मौसम काम में बाधा डाल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक, मंत्रियों को भेजा मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर दुख जताते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को तत्काल जबलपुर रवाना किया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

बरगी बांध: नर्मदा का गौरव और प्रमुख पर्यटन केंद्र

1990 में निर्मित बरगी बांध नर्मदा नदी पर बना एक विशाल जल संरचना है। यह न केवल 90 मेगावाट बिजली उत्पादन और सिंचाई का प्रमुख स्रोत है, बल्कि इसकी विशालता और क्रूज-बोटिंग सुविधाओं के कारण यह पूरे मध्य प्रदेश के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। 21 फाटकों वाला यह बांध रानी अवंतीबाई लोधी सागर परियोजना का अहम हिस्सा है।

प्रशासन ने फिलहाल बांध में सभी प्रकार की नौकायन गतिविधियों पर रोक लगा दी है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं कि क्या मौसम खराब होने की चेतावनी के बावजूद क्रूज को पानी में ले जाया गया था।