श्रद्धा मर्डर केसः एनिमल लवर और फुटबॉल प्रेमी, रूप में थी सोशल मीडिया पर आफताब की पहचान, HungryChokro नाम से ब्लॉग
नई दिल्ली। अपनी ही प्रेमिका का बेरहमी से कत्ल करने के आरोपी आफताब को जब पुलिस मंगलवार को दिल्ली के जंगलों में ले गई तब उसका चेहरा ढका हुआ था। अपनों को छोड़ आफताब के साथ चल देने वाली वाली श्रद्धा ने शायद ही कभी सोचा होगा कि उसका प्रेमी ना सिर्फ उसका कातिल हो सकता है बल्कि मौत के बाद भी उसके बेरहमी टुकडे - टुकड़े कर जंगल में फेंक सकता है। लेकिन आज हम आफताब के उस चेहरे के बारे में आपको बताने जा रहे हैं जो सोशल मीडिया पर नजर आता है। बताया जा रहा है कि प्रेमिका के 35 टुकड़े करने वाले आफताब की पहचान सोशल मीडिया पर एक ब्लॉगर, फोटोग्राफर और एनिमल लवर के तौर पर थी।
आफताब अमीन पूनावाला ने वसई केे St. Francis High School में पढ़ाई की है। उसने मुंबई में एलएस राहेजा कॉलेज से बी.एम.एस डिग्री हासिल की है। उसने बैचलर ऑफ मैनेजमेंट की पढ़ाई भी की। आफताब के बारे में बताया जा रहा है कि वो एक फूड ब्लॉगर भी है।
दरअसल इंस्टाग्राम पर HungryChokro नाम से बने एक पेज से यह अंदेशा लगता है कि आफताब ने अपनी पहचान एक फूड ब्लॉगर के तौर पर बनाई थी। इस ब्लॉग में खाने की कई तरह की रेसिपी के बारे में बताया गया है और उसकी तस्वीरे हैं।
वहीं आफताब पूनावाला के नाम से एक फेसबुक पेज भी नजर आया। इस फेसबुक पेज पर आफताब की कई तस्वीरें हैं। एक तस्वीर में उसके हाथ में कैमरा नजर आ रहा है। जिससे यह अंदाजा लग रहा है कि उसे फोटोग्राफी का भी शौक था। इसके अलावा कुछ तस्वीरों से यह भी पता चलता है कि वो एक एनिमल लवर यानी जानवरों से प्यार करने वाला भी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि आफताब को फुटबॉल से लगाव था और उसे बॉडी बिल्डिंग का भी शौक था। आफताब को LGBTQIA+ supporter भी बताया जा रहा है। हालांकि, भारत न्यूज जंक्शन वेबसाइट इन सोशल मीडिया प्रोफाइलों की सत्यता की पुष्टि कतई नहीं करती है।
घांव का इलाज कराने आया था आफताब
अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की हत्या करने और उसके शव के टुकड़े-टुकड़े करने के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला का इलाज करने वाले एक डॉक्टर ने कहा कि वह मई में एक घाव का इलाज कराने उनके पास आया था। उसी महीने श्रद्धा की हत्या की गयी थी। डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पूनावाला जब इलाज के लिए उनके पास आया था तो बहुत आक्रामक और बेचौन था तथा उन्होंने उससे चोट के बारे में पूछा तो उसने बताया कि फल काटते वक्त उसे चोट लग गयी।
कुमार ने कहा, 'मई में वह सुबह के समय आया था। मेरे सहायक ने मुझे बताया कि एक व्यक्ति चोट के साथ आया है। जब मैंने उसे देखा तो वह गहरा घाव नहीं था बल्कि ऊपरी तौर पर घाव था। जब मैंने उससे पूछा कि चोट कैसे लगी तो उसने बताया कि फल काटते वक्त चोट लगी। मुझे कोई शक नहीं हुआ था, क्योंकि वह चाकू से होने वाला छोटा-सा घाव था।श्
आफताब पूनावाला ने मई में कथित तौर पर वालकर की गला दबाकर हत्या कर दी थी और उसके शव के 35 टुकड़े किए थे जिसे उसने करीब तीन सप्ताह तक दक्षिणी दिल्ली के महरौली में अपने घर में 300 लीटर के फ्रिज में रखा था और बाद में कई दिनों में शहर के अलग-अलग स्थानों पर उन्हें फेंक दिया था।
जंगल में शव के टुकड़ों की तलाश
आफताब की निशानदेही पर पुलिस ने श्रद्धा के शव के टुकड़ों की तलाश की है। कहा जा रहा है कि पुलिस को 10-12 अवशेष मिले हैं। हालांकि, यह मानव अवशेष हैं या नहीं? अभी इसकी जांच की जाएगी। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बरामद किए गए अंगों के लगभग 10 नमूने फॉरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा उठाए गए और पुष्टि करने के लिए लैब में भेजे जा रहे हैं कि क्या वे सभी मानव अवशेष हैं। उन्हें उसके पिता के डीएनए सैंपल से मिलान के लिए भेजा जाएगा। अन्य हिस्सों की तलाश जारी है।



