FIFA World Cup: फ्रांस खिताब से एक कदम दूर.. फाइनल में अर्जेंटीना से होगा मुकाबला
नई दिल्ली। मौजूदा चैंपियन फ्रांस ने सेमीफाइनल में मोरक्को को हराकर लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में अपनी जगह बना ली है, जहां उसकी टक्कर अब अर्जेंटीना से होगी। फ्रांस ने कतर में बुधवार देर रात खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में मोरक्को को 2-0 से पराजित किया। इस तरह पहली बार सेमीफाइनल पहुंची मोरक्को की टीम का फाइनल पहुंचने का सपना टूट गया। फाइनल मुकाबला 18 दिसंबर को खेला जाएगा।
फ्रांस की फुटबॉल टीम ओवरऑल चौथी बारी फाइनल का टिकट हासिल करने में सफल रही। वह 1998 और 2018 में विश्व चौंपियन बनी थी. मोरक्को की टीम अब तीसरे स्थान के लिए 17 दिसंबर को क्रोएशिया से भिड़ेगी। क्रोएशिया को पहले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ हार झेलने पर मजबूर होना पड़ा था।
फ्रांस ने पांचवें मिनट में बना ली थी बढ़त
फ्रांस की ओर से मैच के पांचवें मिनट में थियो हर्नांडेज ने पहला गोल दागकर मोरक्को पर शुरुआती बढ़त बना ली। पहले हाफ में फ्रांस ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद मैच के 79वें मिनट में रैंडल कोलो मुआनी ने गोल दागकर फ्रांस की बढ़त को दोगुना कर दिया। मुआनी सब्सिस्ट्यूट खिलाड़ी के तौर पर उतरे थे। विश्व की चौथे नंबर की टीम फ्रांस के सामने वर्ल्ड की 22वें नंबर की टीम मोरक्को की ओर से गोल के भरसक प्रयास हुए लेकिन उसके खिलाड़ी सफल नहीं हो सके।
2002 बाद पहली बार हुआ ऐसा
फ्रांस और मोरक्को की टीमों के बीच यह ओवरऑल 12वां मैच था। जिसमें फ्रांस ने 8 मैच जीते हैं वहीं मोरक्को के खाते में एक जीत दर्ज है। तीन मुकाबले ड्रॉ हो गएं। मौजूदा वर्ल्ड कप में फ्रांस की टीम अभी तक शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस वर्ल्ड कप में उसने सिर्फ एक मैच गंवाया है। फीफा विश्व कप में 2002 के बाद पहली बार कोई टीम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। इससे पहले ब्राजील की टीम लगातार तीन बार खिताबी मुकाबले में पहुंच चुकी है। ब्राजील की टीम 1994, 1998 और 2002 में फाइनल में जगह बनाई थी।



