आर्यन खान क्रूज ड्रग्स मामले में एनसीबी के गवाह प्रभाकर साइल की मौत

  • Saturday April 02 2022 - 10:02 AM
  •  

मुंबई। हिन्दी फिल्म अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान केस में नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के गवाह प्रभाकर साइल की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक प्रभाकर साइल की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। पिछले साल क्रूज ड्रग्स मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद प्रभाकर साइल का नाम चर्चा में आया था और एनसीबी के तत्कालीन मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े पर गंभीर आरोप लगाए थे।

प्रभाकर साइल ने एनसीबी कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कर दावा किया था कि क्रूज ड्रग्स केस में फंसे आर्यन खान को छोड़ने के लिए शाहरुख खान की मैनेजर पूजा डडलानी, केपी गोसावी और सैम डिसूजा के बीच 25 करोड़ रुपए में डील हो रही थी और 18 करोड़ पर सहमति बनी थी। इसमें 8 करोड़ रुपये समीर वानखेड़े को दिए जाने थे, जिन्होंने इस पूरे प्रकरण में कार्रवाई की थी। केपी गोसावी वही शख्स है जिसकी आर्यन खान के साथ सेल्फी लेते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी।

आर्यन खान के साथ सेल्फी लेता किरण पी गोसावी

किरण पी गोसावी का एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट का बिजनेस है और प्रभाकर राघोजी साइल उसका बॉडीगार्ड था। प्रभाकर ने क्रूज ड्रग्स केस में एफिडेविट फाइल कर तत्कालीन एनसीबी अफसर समीर वानखेड़े पर जो आरोप लगाए थे। उसका आधार केपी गोसावी और सैम डिसूजा नाम के शख्स के बीच फोन पर हुई बातचीत को बताया था। प्रभाकर के मुताबिक उसने डिसूजा और गोसावी के बीच हुई बातचीत सुनी थी। केपी गोसावी, सैम डिसूजा से कह रहा था, "25 करोड़ का बम डाल, 18 करोड़ में डील फाइनल कर। इसमें से 8 करोड़ समीर वानखेड़े को देने हैं।"

चार्जशीट फाइल करने के लिए एनसीबी को मिला 60 दिन का अतिरिक्त समय

इस मामले से पहले 1 अप्रैल को मुंबई की विशेष अदालत ने नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो(एनसीबी) को फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन से जुड़े क्रूज ड्रग्स मामले में आरोपपत्र दायर करने के लिए 60 दिन का अतिरिक्त समय दे दिया। एनसीबी ने कोर्ट में आवेदन दायर कर आरोपपत्र दायर करने के लिए 90 दिनों के अतिरिक्त समय की मांग की थी। आवेदन में एनसीबी ने दावा किया था कि इस मामले की जांच अब भी जारी है. इसिलए उसे आरोपपत्र दायर करने के लिए और समय चाहिए।

क्रूज ड्रग्स केस में गिरफ्तार 20 में से 18 आरोपियों को मिल चुकी है जमानत

न्यायाधीश वीवी पाटील ने मामले से जुड़े दोनों पक्षों को सुनने के बाद एनसीबी को 90 की बजाय 60 दिनों का अतिरिक्त समय प्रदान किया। नियमानुसार एनसीबी को 180 दिन के भीतर आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर करना चाहिए। यह समय सीमा 2 अप्रैल को खत्म हो रही थी। इस मामले में एनसीबी ने आर्यन खान समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें सिर्फ 2 आरोपियों को छोड़कर आर्यन खान समेत अन्य 18 को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।