कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर महिला से शारीरिक शोषण का आरोप, वृंदावन पुलिस ने शुरू की जांच

  • Thursday November 12 2026 - 01:15 PM
  •  

  • महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कशीमिरा थाने में दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर, ऑनलाइन रिपोर्ट वृंदावन पहुंची
  • सीओ वृंदावन ने उप निरीक्षक को सौंपी जांच, मूल पत्रावली का इंतजार
  • पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर बयान के लिए शुरू की प्रक्रिया

वृंदावन। महाराष्ट्र की एक महिला द्वारा वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर लगाए गए शारीरिक शोषण के गंभीर आरोपों के मामले में वृंदावन पुलिस ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कशीमिरा थाने में दर्ज प्राथमिकी (FIR) की ऑनलाइन रिपोर्ट वृंदावन थाने पहुंचने के बाद यह कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है। पुलिस ने पीड़िता से संपर्क साधकर बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सत्संग के दौरान हुई थी मुलाकात, दीक्षा के बाद बढ़ा संपर्क

पीड़ित महिला, जो महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र की रहने वाली है, के अनुसार उसकी मुलाकात अप्रैल 2023 में मुंबई के सांताक्रूज में आयोजित एक सत्संग के दौरान कथावाचक इंद्रदेव महाराज से हुई थी। महिला ने उनसे दीक्षा ली थी। आरोप है कि कथावाचक ने पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने का भरोसा देकर उसे लगातार संपर्क में रहने को कहा तथा उसकी बेटियों की जिम्मेदारी उठाने और अपने साथ रखने की बात कही थी।

सेवा धाम आश्रम में हुआ कुकृत्य का आरोप

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2023 में महिला अपनी बेटियों के साथ वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित सेवा धाम आश्रम पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान रात करीब साढ़े दस बजे उसे महाराज के कमरे पर बुलाया गया। वहां कमरे के कैमरे बंद होने की बात कहकर दरवाजा बंद कर लिया गया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए गए।

धमकी और ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल

पीड़िता का आरोप है कि 17 जून 2026 को उसे फोन पर धमकी दी गई, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की और प्रमाण के तौर पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की। इस मामले से जुड़े कुछ ऑडियो और पीड़िता के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें आपत्तिजनक बातें सामने आ रही हैं। पीड़िता ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महिला आयोग से भी न्याय की गुहार लगाई है।

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महाराष्ट्र की महिला द्वारा कथावाचक के विरुद्ध जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसकी ऑनलाइन प्रति वृंदावन थाने आ चुकी है। इस मामले की जांच कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक अशेष कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मूल पत्रावली (फाइल) आने के बाद जांच की प्रक्रिया को और गति दी जाएगी।