श्री बांकेबिहारी मंदिर के गेट दो से प्रवेश करते आम श्रद्धालु; । फोटो : भारत
वृंदावन: बांकेबिहारी मंदिर में वीआईपी दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव, कमेटी सदस्य ने जताया विरोध
वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने वीआईपी श्रद्धालुओं के प्रवेश द्वार में बदलाव करते हुए अब गेट संख्या चार से प्रवेश कराने की नई व्यवस्था लागू कर दी है। यह नई व्यवस्था सोमवार से प्रभावी हो गई है।
क्यों बदला गया प्रवेश मार्ग?
मंदिर में आराध्य के दर्शन के लिए लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या, विशेषकर कार्तिक मास में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
पुरानी व्यवस्था: इससे पहले वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत आने वाले भक्तों को गेट नंबर दो से आम श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच से प्रवेश दिलाया जाता था। इसके लिए रास्ते की रेलिंग खाली कराई जाती थी, जिससे आम दर्शनार्थियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था।
नई व्यवस्था: अब नई व्यवस्था के तहत वीआईपी श्रद्धालु गेट संख्या चार से मंदिर में प्रवेश करेंगे और सीधे वीआईपी कटहरा पहुंचेंगे। दर्शन करने के पश्चात वे गेट संख्या एक (निकास द्वार) से बाहर निकलेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर वीआईपी श्रद्धालुओं के मार्ग पर पुलिस और मंदिर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
बता दें कि मंदिर प्रबंध कमेटी के आदेश पर निकास द्वार चार के चबूतरे पर वीआईपी के लिए कटहरा अप्रैल माह में ही बनाया गया था, जिसे अब लागू किया गया है। यह वीआईपी कठहरा मंदिर हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी के तत्कालीन सदस्य एवं मंदिर सेवायत दिनेश गोस्वामी के प्रस्ताव पर तैयार किया गया था।
नई व्यवस्था पर उठा विवाद, कमेटी सदस्य ने किया विरोध
एक तरफ जहां मंदिर प्रबंधन इसे सुगम व्यवस्था बता रहा है, वहीं दूसरी ओर इस बदलाव को लेकर विरोध भी शुरू हो गया है। हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य एवं मंदिर के सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने इस नई व्यवस्था पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
ये लगाए आरोप
यह बदलाव सुरक्षा की दृष्टि से बेहद अनुचित है और निकास द्वार से श्रद्धालुओं को प्रवेश देना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
यह नई व्यवस्था वर्ष 2004 में हाई कोर्ट द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन है।
वर्ष 2004 से लेकर हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी के गठन तक हाई कोर्ट के आदेशानुसार ही वीआईपी दर्शनार्थियों को दर्शन कराए जा रहे थे।
हिमांशु गोस्वामी ने स्पष्ट किया है कि कमेटी द्वारा लागू की गई इस 'मौखिक' नई व्यवस्था के खिलाफ वे आवाज उठाएंगे और इसे सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में लाएंगे।



