मथुरा की पावन धरती पर उतरते ही नरेंद्र मोदी श्रीकृष्ण जन्म स्थान पहुंचे

  • Saturday November 25 2023 - 12:36 AM
  •  

मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की जन्म भूमि पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गर्भ गृह में दर्शन किए। इसके बाद प्रधानमंत्री ने योग माया मंदिर में भी पूजा अर्चना की। गर्भ गृह में पुजारी ने उनके टीका लगाया और पीले रंग की पगड़ी पहनाई। प्रसाद की डलिया प्रदान की। दर्शन करने के दौरान प्रधानमंत्री ने गुलाब की बड़ी माला प्रभु के श्रीचरणों में अर्पित की। 

श्री कृष्ण जन्म स्थान के सचिव कपिल शर्मा ने उनको तस्वीर भेंट की। सचिव ने मोदी को श्रीकृष्ण जन्म स्थान के अंदर मौजूद मंदिरों के बारे में बताया। मोती कुंज हेलीपैड से जन्म भूमि तक वाले रास्ते पर सड़क के दोनों और खड़े लोगों ने उनका हाथ हिला कर अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क चौराहे और गाड़ियों के काफिले की वीडियो बनाते देखे गए।

प्रधानमंत्री के साथ श्री कृष्ण जन्म स्थान पर प्रदेश के राज्यपाल आनंदी बेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।