हेमामालिनी ने ट्रैफिक से बचने के लिए मेट्रो और ऑटो में किया सफर, यात्रियों के साथ ली सेल्फी

  • Wednesday April 12 2023 - 06:15 PM
  •  

मुंबई। जगजाहिर है कि मायानगरी मुंबई में जाम सबसे बड़ी समस्या है। यहां जाम में फंसकर लोगों के कई घंटे बर्बाद हो जाते हैं। ऐसे में अब ट्रैफिक से बचने के लिए लोग मेट्रो में सफर करना ही सही समझते हैं। इतना ही नहीं अब तो सेलेब्स भी मुंबई के जाम से बचने के लिए अपनी लग्जरी गाड़ियों को छोड़कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट स्पेशली मेट्रो में ट्रेवल कर रहे हैं।

जानीमानी फिल्म अभिनेत्री और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी भी कल मंगलवार (11 अप्रैल) को मुंबई के ट्रैफिक जाम से बचने के लिए मेट्रो में यात्रा करती हुईं नजर आईं। अदाकारा हेमा मालिनी ने अपनी मेट्रो यात्रा का एक्सपीरियंस भी ट्वीटर पर शेयर किया है।

अभिनेत्री ने जाम से बचने के लिए मेट्रो में की यात्रा

अभिनेत्री से सांसद बनीं हेमा मालिनी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर अपनी मेट्रो यात्रा की झलक शेयर की है। वहीं तस्वीरों में एक्ट्रेस पिंक कलर की शर्ट और व्हाइट ट्राउजर पहने काफी सिंपल दिखी। साथ ही हेमा मालिनी ने ब्लैक कलर का स्लिंग बैग भी कैरी किया हुआ है। मेट्रो यात्रा की अपनी तस्वीरों को शेयर करते हुए हेमा मालिनी ने कैप्शन में लिखा कि उन्हें कार से मुंबई के एक उपनगर दहिसर पहुंचने में दो घंटे लगे। इस वजह से उन्होंने गाड़ी की बजाय मेट्रो लेने का फैसला किया और वह समय पर डेस्टिनेशन पर पहुंच भी गई।

अभिनेत्री ने मेट्रो यात्रा का एक्सपीरियंस किया शेयर

बता दें हेमा मालिनी ने एक ट्वीट शेयर कर लिखा कि मुझे आप सभी के साथ अपने अनोखे, वंडरफुल एक्सपीरियंस को शेयर करना चाहिए। गाड़ी से दहिसर पहुंचने के लिए 2 घंटे का सफर तय किया, इतना थका देने वाला! शाम को फैसला किया कि मैं मेट्रो से ट्रेवल करने की कोशिश करूंगी, और ओएमजी! क्या खुशी थी! बिल्कुल सच है, हमें कंस्ट्रक्शन के दौरान काफी मुश्किलें हुईं, लेकिन वर्थ इट! क्लीन, तेज और जुहू में लगभग आधे घंटे में पहुंच गई थी।

मेट्रो के बाद एक्ट्रेस ने की ऑटो की सवारी

इस बीच सांसद हेमा मालिनी को मेट्रो में सफर करते देख लोग भी चौंक गए थे। सांसद कई यात्रियों के साथ सेल्फी लेती हुई नजर आई। मेट्रो से यात्रा करने के बाद अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए हेमा मालिनी ने ऑटो में भी ट्रेवल किया। वहीं हेमा मालिनी ने अपने इस रोमांचक सफर की वीडियो को भी ट्विटर पर शेयर किया है।