राम राष्ट्र के आधार एवं चेतना: स्वामी चिदानंद मुनि

  • Saturday March 07 2026 - 12:51 AM
  •  

  • स्वामी वामदेव महाराज के शताब्दी आनंद महोत्सव में देशभर से जुटे संत-महंत

वृंदावन। स्वामी चिदानंद मुनि महाराज ने कहा कि भगवान राम राष्ट्र के आधार और चेतना हैं। स्वामी वामदेव महाराज ने भी राम के आदर्शों को लेकर अद्भुत संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि यदि संत हैं तो सनातन है और भारत है तो सनातन है। सनातन संस्कृति की शक्ति ही है कि जहां 64 करोड़ लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना पड़ता है, वहीं 67 करोड़ लोग कठिन श्रम और संघर्ष के साथ कुंभ स्नान के लिए स्वयं पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि मक्का में लगभग एक करोड़ लोग पहुंचते हैं और वेटिकन में दो करोड़ श्रद्धालु आते हैं, लेकिन राम, कृष्ण और काशी की पवित्र भूमि पर 10 करोड़ से अधिक लोग पहुंच जाते हैं। इसलिए बात मक्का की नहीं, मथुरा की है और बात वेटिकन की नहीं, ब्रज की है।

शनिवार को चैतन्य विहार स्थित श्रीवामदेव ज्योतिर्मठ में स्वामी वामदेव महाराज के शताब्दी आनंद महोत्सव के अवसर पर आयोजित विराट संत सम्मेलन में उन्होंने यह विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ विरक्त शिरोमणि स्वामी वामदेव महाराज की पादुकाओं के पूजन के साथ हुआ। सम्मेलन के प्रथम सत्र में विभिन्न संप्रदायों के आचार्य, महामंडलेश्वर और श्रीमहंतों ने स्वामी वामदेव महाराज की विद्वता, विरक्तता और राष्ट्रीयता पर अपने विचार रखे।

स्वामी चिदानंद मुनि ने शासन और जनमानस का आह्वान करते हुए कहा कि वायु प्रदूषण के कारण देश में प्रतिवर्ष लगभग 25 लाख लोगों की मृत्यु हो जाती है। यमुना नदी में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि नदियों के प्रदूषण के कारण प्रतिदिन करीब दो हजार बच्चों की जान चली जाती है। उन्होंने नदियों के तटों को अतिक्रमण मुक्त और हरियाली व पर्यावरण से युक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि स्वामी वामदेव महाराज की लोकनीति, राष्ट्रनीति और आध्यात्मिक दृष्टि समाज के कल्याण से परिपूर्ण थी। लोग उन्हें विरक्त कहते थे, लेकिन वास्तव में वे लोकजागरण, सामाजिक उत्थान और राष्ट्र की अखंडता के प्रति अत्यंत समर्पित थे। उन्होंने कहा कि आज के विषम समय में उनके विचार और आदर्श अगली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बन सकते हैं।

स्वामी परमानंद महाराज ने कहा कि स्वामी वामदेव महाराज ने देशभर में यात्राएं निकालकर रामकाज के लिए जनजागरण किया और समाज को एकजुट किया। साथ ही संतों को एक मंच पर लाकर भव्य राम मंदिर निर्माण के लंबे समय से चले आ रहे स्वप्न को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि स्वामी वामदेव महाराज के तपोबल का ही प्रभाव था कि उन्होंने स्वर्ण मंदिर जाकर जरनैल सिंह भिंडरावाला से संवाद किया और कहा कि सिख पंथ हिंदू धर्म का ही अंग है तथा खालिस्तान की मांग भारत के लिए स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने हथियार छोड़ने की भी अपील की थी। उन्होंने बताया कि स्वामीजी द्वारा स्थापित समिति धर्म से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर न्यायालयों में पक्षकार के रूप में उपस्थित रहती है।

महामंडलेश्वर शाश्वतानंद गिरि महाराज ने कहा कि स्वामी वामदेव महाराज विद्वता, विरक्तता और राष्ट्रीयता की त्रिवेणी थे। राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज ने कहा कि स्वामीजी ने जाति, पंथ और संप्रदाय से ऊपर उठकर समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया।

संत सम्मेलन में निर्मल पीठाधीश्वर स्वामी ज्ञानदेव सिंह, महामंडलेश्वर स्वामी अनंतदेव गिरि, स्वामी ज्ञानानंद महाराज, जगद्गुरु स्वामी दिलीपदास देवाचार्य, स्वामी रामदेवानंद सरस्वती, राजेंद्र दास, स्वामी शिवप्रेमानंद पुरी, स्वामी रामसुख शास्त्री, महंत फूलडोल बिहारी दास, महामंडलेश्वर चिदंबरानंद, उमेशचंद्र शास्त्री, स्वामी वेदानंद महाराज सहित अनेक संत-महंतों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

देश में जाति से ऊपर उठकर एकजुटता की जरूरत: स्वामी अवधेशानंद

जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में देश को जाति-पाति से ऊपर उठकर एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश की सनातन संस्कृति अमिट और अविनाशी है, जिसकी पहचान ऋषि और कृषि से है। यदि इन दोनों को संस्कृति से अलग कर दिया जाए तो संस्कृति का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज देश आर्थिक रूप से विश्व मंच पर चौथी शक्ति के रूप में उभर रहा है और इसके मूल में संतों-महंतों का आशीर्वाद भी शामिल है। उन्होंने सभी समाजों से आह्वान किया कि वे जातीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट हों, यही आज का सबसे बड़ा आंदोलन और आवश्यकता है।