यूपी में एक अप्रेल से महंगी हो जाएगी शराब, नई आबकारी नीति को मंजूरी

  • Monday January 30 2023 - 10:56 PM
  •  

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शराब पीना महंगी होने जा रहा है। प्रदेश सरकार के नए फैसले से शराब की कीमतों में इजाफा हो गया है। दरअसल, यूपी सरकार ने नई आबकारी नीति 2023-24 को मंजूरी देते हुए आबकारी लाइसेंस शुल्क में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। यानी एक अप्रैल 2023 से उत्तर प्रदेश में शराब पीने के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

यूपी सरकार के नए फैसले में आबकारी लाइसेंस की फीस में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। इससे देसी शराब और बीयर की कीमतें बढ़ जाएंगी। 28 जनवरी 2023 को हुई यूपी कैबिनेट की बैठक में सरकार ने ये फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष शराब के माध्यम से 45 हजार करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का टारगेट फिक्स किया है।

गोदाम और वेयरहाउस के लिए भी चुकाने होंगे ज्यादा पैसे

सरकार की तरफ से लिए फैसले में शराब, बीयर, भांग की सभी दुकानों के लाइसेंस को रिन्यू करने को कहा है। जिसके लिए अब मालिकों को ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। यही नहीं, शराब के गोदाम, मास्टर वेयरहाउस के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन फीस में भी बढ़ोतरी की गई है।

रिन्यू होंगे लाइसेंस, समय भी वही

नई नीति के मुताबिक, देसी और अंग्रेजी शराब के अलावा बीयर और भांग की फुटकर दुकानों के साथ मॉडल शॉप के लाइसेंस रिन्यू किए जाएंगे। रिन्यू न होने वाली दुकानों का आवंटन पहले की तरह ई-लॉटरी के जरिए किया जाएगा। सरकार ने देसी शराब की दुकानों के वार्षिक कोटे (एमजीक्यू) में दस फीसदी की वृद्धि की है। नई आबकारी नीति में 42.80 फीसदी तीव्रता वाली शराब 2022-23 की तरह की शीरे से न बन कर अनाज (चावल, गेहूं, बाजरा, मक्का) से बनेगी। इसे यूपी लिकर बोला जाएगा।

नई आबकारी नीति को मंजूरी 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कैबिनेट मीटिंग में नई आबकारी नीति पर चर्चा हुई जिसके बाद नई आबकारी नीति को मंजूरी दी गई। इस नई नीति के मुताबिक अप्रैल के महीने से लाइसेंस की फीस के लिए 10 फीसदी ज्यादा पैसा चुकाना होगा। वहीं, मॉडल शॉप पर शराब परोसने के लिए 1 लाख रुपये सालाना ज्यादा देना होगा। यूपी में पिछले वर्ष ही शराब की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी। उस दौरान एक्सरसाइज ड्यूटी लगाने के कारण कीमतों में इजाफा हुआ था।