धानुरमास महोत्सव: श्री रंगनाथ मन्दिर में भगवान गोदारंगमन्नार का विवाहोत्सव सम्पन्न
वृंदावन। तीर्थनगरी के श्री रंगनाथ मन्दिर में धानुरमास महोत्सव के अंतर्गत भगवान गोदा रंगनाथ विवाहोत्सव वैदिक परम्परानुसार आयोजित किया गया। दक्षिण भारतीय वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि के साथ सम्पूर्ण मन्दिर परिसर गोदा रँगमन्नार भगवान की जयकार से अनुगुंजित हो उठा। उत्तरभारत के विशालतम श्री रँगमन्दिर में अनवरत जारी मंगल उत्सवों की श्रंखला में पौष माह में मनाये जाने वाले धानुरमास महोत्सव का वैष्णव परम्परा में विशेष महत्व माना गया है।
मान्यता है कि लक्ष्मी स्वरूपा गोदाम्मा जी ने भगवान विष्णु को वर रूप में प्राप्त करने के लिये एक माह तक कठिन व्रत का निर्वहन किया था। वैष्णव सन्त विष्णुचित्त स्वामी के घर जन्म लेकर गोदाम्मा जी ने धनु संक्रांति से मकर संक्रांति तक भगवान विष्णु की उपासना करते हुए तिरुप्पवे स्त्रोत की रचना कर सस्वर पाठ किया था। मकर संक्रांति पर्व पर भगवान गोदा रंगनाथ का दिव्य विवाहोत्सव आयोजित किया गया। मन्दिर की बारहद्वारी परिसर को रंगबिरंगे कपड़ो व पुष्पों से सुसज्जित कर मां गोदाम्मा को विराजित किया गया।
पँचदिवसीय विवाहोत्सव के अंतर्गत विगत माह से कठिन व्रत का निर्वहन कर रही मां गोदाम्मा ब्रह्ममुहूर्त में स्नानादि के उपरांत न तो वेणी गुंथन करती है। और न ही अन्य श्रंगार करती है। व्रत पूर्ण होने पर भगवान उनकी इच्छानुसार पांचजन्य शंख,मंडप में बांधने के वितान,मंगल दीप आदि वस्तुएं प्रदान कर स्वीकृति देते है। विवाह दिवस गोदाम्माजी का हल्दी चंदन का लेपन कर पवित्र नदियों के जल से अभिषेक तिरुमन्जन करके नवीन वस्त्र व स्वर्णाभूषण से अलंकृत कर विशेष श्रंगार किया जाता है। सुवासित केश तेल,चंदन,पुष्पों से केश विन्यास किया जाता है।
भगवान रंगनाथ मंगल वाद्ययंत्र की ध्वनि के साथ बारात लेकर मंडप में पहुंचते है। जहां पवित्र अग्नि को साक्षी मानकर विवाह की रस्म अदायगी होती है। गोदा रँगमन्नार भगवान की जयजयकार के साथ माला बदली का मनोहारी दृश्य देखकर भक्त आल्हादित हो गये।मन्दिर प्रबंधन द्वारा कोरोना गाइडलाइंस के तहत भक्तो को दर्शन कराये गये।



