वृंदावन में रथ का मेलाः श्रीरंगनाथ मंदिर में ब्रह्मोत्सव 17 मार्च से, सोने, चांदी की सवारी पर नगर भ्रमण करेंगे भगवान गोदारंगमन्नार
वृंदावन। श्रीरामानुज संप्रदाय के दिव्यदेश रंगनाथ मंदिर का दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव 17 मार्च से विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वैदिक परंपरा के अनुसार आयोजित होगा। ब्रज में दक्षिण भारतीय शैली में होने वाले उत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन द्वारा तैयारिया की जा रही है। इस महेात्सव को वृंदावन का रथ का मेला के नाम से प्रसिद्ध है।
मंगलवार को मंदिर के स्वामी रघुनाथ आचार्य ने बताया कि श्री रामानुज संप्रदाय की श्री वैष्णवीय परंपरा के प्रमुख दिव्यदेश श्री रंगनाथ मंदिर में वैसे तो प्रतिदिन मंगल उत्सवों की श्रंखला अनवरत रूप से जारी रहती है, लेकिन इनमें सबसे प्रमुख ब्रह्मोत्सव है। ब्रह्मोत्सव का शुभारंभ देव आह्वान, ध्वजारोहण से होता है। इसमें दक्षिण भारतीय वेदपाठी विद्वान वेदमंत्रो से आव्हान करते हैं।
मंदिर के प्रबंधक श्री कृष्णन ने बताया ब्रह्मोत्सव के पहले दिन 17 मार्च को प्रातः काल ठाकुर रंगनाथ भगवान स्वर्ण निर्मित पूर्ण कोठी में विराजित होकर भक्तो को कृतार्थ करेंगे। इसी क्रम में ठाकुर गोदारंगमन्नार भगवान प्रतिदिन स्वर्ण रजत निर्मित वाहन सूर्यप्रभा,चंद्रप्रभा, गरुण जी, हनुमान जी, पालकी, सिंह, अश्व, सिंहशार्दुल पर विराजित होकर दर्शन देते हैं।
मंदिर की सीईओ अनघा श्रीनिवासन ने बताया मुख्य आकर्षण विशालकाय चंदन निर्मित रथ है। जिसमें 23 मार्च को ठाकुर गोदा रंगमन्नार भगवान विराजित होकर भक्तो को कृतार्थ करेंगे। दिव्य महोत्सव का समापन 26 मार्च को अद्वितीय पुष्पक विमान से होगा। तदोपरांत स्वर्ण स्तंभ पर विराजित भगवान के प्रमुख वाहन गरुण जी को वेद मंत्रों से विदाई दी जाती है। इस उत्सव के दौरान प्रसिद्ध होली 22 मार्च को होगी वहीं 24 मार्च को बड़ी आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा।



