नाटू-नाटू और द एलिफेंट व्हीस्परर्स को मिला ऑस्कर, पीएम मोदी ने दी बधाई

  • Monday March 13 2023 - 06:39 PM
  •  

लॉस एंजेलिस। सुपरहिट फिल्म आरआरआर और द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने इतिहास रचते हुए, इस बार दो ऑस्कर अपने नाम किए हैं। हालांकि तीसरी फिल्म ऑल दैट ब्रीथ्स को सिर्फ नॉमिनेशन से ही संतोष करना पड़ा। आरआरआर फिल्म के गाने नाटू-नाटू ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीता। इसके बाद तो पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। तो वहीं बेस्ट शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री कैटेगरी में भारतीय डॉक्यूमेंट्री द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने सबको पीछे छोड़ते हुए अवॉर्ड अपने नाम किया।

’नाटू नाटू’ ने 95वें ऑस्कर अवॉर्ड में बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग का खिताब अपने नाम किया है। लेडी गागा, डायने वॉरेन और रिहाना जैसे नामों को पीछे छोड़ते हुए, ‘नाटू नाटू’ ने ‘टेल इट लाइक अ वुमन’ के ‘अपलॉज’, ‘टॉप गन: मेवरिक’ के ‘होल्ड माई हैंड’, ‘ब्लैक पैंथर: वकंडा फॉरएवर’ से ‘लिफ्ट मी अप’ और ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल ऑन ऑन्सी’ से ‘दिस इज ए लाइफ’ जैसे गानों को पछाड़ते हुए पुरस्कार हासिल कर एक इतिहास रच दिया है।

संगीतकार एम.एम. कीरावानी ने सम्मान प्राप्त करने पर कहा: धन्यवाद अकादमी। मैं कारपेंटर को सुनते हुए बड़ा हुआ हूं, और अब मैं यहां ऑस्कर में हूं। मेरी, राजमौली और मेरे परिवार की केवल एक ही इच्छा थी, ‘आरआरआर’ को भारत का हर गौरव जीतना है। धन्यवाद। ‘नाटू नाटू’ सॉन्ग इस साल पहले ही गोल्डन ग्लोब और क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड जीत चुका है। ‘आरआरआर’ में एनटीआर जूनियर, राम चरण, अजय देवगन, आलिया भट्ट और श्रिया सरन हैं और दो वास्तविक जीवन के भारतीय क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की काल्पनिक कहानी और ब्रिटिश राज के खिलाफ उनकी लड़ाई बताती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘आरआरआर’ की टीम और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की पूरी टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने नाटू-नाटू गाने के लिए मिले अवॉर्ड पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए लिखा, ‘बहुत ही शानदार। नाटू-नाटू गाने की लोकप्रियता दुनियाभर में हैं। ये एक ऐसा गाना है, जिसे आने वाले कई सालों तक याद रखा जाएगा। एम एम कीरवानी और चंद्रबोस आपको बहुत-बहुत बधाई हो। इसी के साथ इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए मैं पूरी टीम को बधाई देता हूं। भारत प्रफुल्लित और गौरवान्वित है’।