171 साल पुरानी रजिस्टर्ड डाक सेवा बंद, अब स्पीड पोस्ट से पहुंचेगा पत्र, ये आएगा बदलाव
लखनऊ। ब्रिटिश शासन काल से चली आ रही 171 वर्ष पुरानी रजिस्टर्ड डाक सेवा अब इतिहास बन गई है। डाक विभाग ने एक सितंबर से इसकी बुकिंग बंद कर दी है। विभाग ने स्पीड पोस्ट सेवा में इसका विलय कर दिया है। अब स्पीड पोस्ट सेवा के जरिए डाक पहुंच सकेगी। यह सुविधा रजिस्टर्ड डाक से थोड़ी महंगी जरूर है, लेकिन, तेज, सुरक्षित एवं ट्रैकिंग से लैस है।
डाक विभाग ने रजिस्टर्ड डाक सेवा को सरकारी, कानूनी और वित्तीय दस्तावेजों को सुरक्षित रूप से भेजने के लिए शुरू किया था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में ईमेल, व्हाट्स ऐप, मैसेजिंग एप और अन्य ऑनलाइन संचार माध्यमों के चलते रजिस्टर्ड डाक की उपयोगिता में गिरावट आई। इस वजह से डाक विभाग द्वारा इसे बंद करना पड़ा। अब लखनऊ मंडल के 250 से ज्यादा डाकघरों में रजिस्टर्ड डाक की जगह स्पीड पोस्ट सेवा उपलब्ध होगी।
आपके लिए क्या बदलेगा?
रजिस्टर्ड डाक के मुकाबले स्पीड पोस्ट सेवा दूरी और वजन के हिसाब से मंहगी होगी। पहले रजिस्टर्ड डाक 17 रुपये में बुकिंग और 20 ग्राम तक के पत्र के लिए पांच रुपये अतिरिक्त यानी कुल 22 रुपये में सेवा उपलब्ध थी। अब स्पीड पोस्ट में दूरी और वजन के हिसाब से 200 किमी. तक 20 से 50 ग्राम वजन वाले पत्र के लिए 41.30 रुपये चुकाने होंगे। दूरी और वजन बढ़ने पर शुल्क और बढ़ेगा।
डाक विभाग लखनऊ मंडल के प्रवर अधीक्षक सचिन चौबे ने बताया कि लोगों की सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। आज जरूरत है कि डाक तेजी से पहुंचे, इसलिए डाक सेवा को स्पीडपोस्ट सेवा में मिला दिया गया है। स्पीड पोस्ट डाक सेवा में दूरी और वजन के अनुसार स्पीड पोस्ट सेवाओं की दरें महंगी होती जाती हैं।



