दीपों का त्योहार दिवाली कब?, जानिए पूजन विधि एवं शुभ मुहूर्त
दीपावली सनातन धर्म का एक प्रमुख त्यौहार है। हिंदू धर्म में दीपावली का विशेष महत्व है। इस बार दीपावली 24 अक्टूबर को मनाई जा रही है। धनतेरस से भाई दूज तक करीब 5 दिनों तक चलने वाला दीपावली का त्यौहार भारत समेत दुनिया के कई देशों में मनाया जाता है। दीपावली को दीप उत्सव भी कहा जाता है। क्योंकि दीपावली का मतलब होता है दीपों की अवली यानि पंक्ति। दिवाली का त्यौहार अंधकार पर प्रकाश की विजय को दर्शाता है। हिंदू धर्म के अलावा अन्य धर्म अनुयायी भी दिवाली मनाते हैं।
1. देवी लक्ष्मी का पूजन प्रदोष काल (सूर्यास्त के बाद के तीन मुहूर्त) में किया जाना चाहिए। प्रदोष काल के दौरान स्थिर लग्न में पूजन करना सर्वाेत्तम माना गया है। इस दौरान जब वृषभ, सिंह, वृश्चिक और कुंभ राशि लग्न में उदित हों तब माता लक्ष्मी का पूजन किया जाना चाहिए। क्योंकि ये चारों राशि स्थिर स्वभाव की होती हैं। मान्यता है कि अगर स्थिर लग्न के समय पूजा की जाये तो माता लक्ष्मी अंश रूप में घर में ठहर जाती है।
2. महानिशीथ काल के दौरान भी पूजन का महत्व है लेकिन यह समय तांत्रिक, पंडित और साधकों के लिए ज्यादा उपयुक्त होता है। इस काल में मां काली की पूजा का विधान है। इसके अलावा वे लोग भी इस समय में पूजन कर सकते हैं, जो महानिशिथ काल के बारे में समझ रखते हों।
लक्ष्मी पूजा मुहूर्त
दुकान फैक्ट्री ऑफिस का शुभ मुहूर्त
दोपहर - 2.54 से शाम 5.29 तक सर्व श्रेष्ठ मुहूर्त है।
निवास स्थान यानि घऱ में पूजा करने का शुभ मुहूर्त
शाम 5.30 से रात्रि 8.54 तक घऱ मै पूजा करने के लिए सर्व श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा।
मंत्र सिद्धि एवं साधना करने के लिए शुभ मुहूर्त
रात्रि - 10.30 से 12.44 तक
दिवाली पर लक्ष्मी पूजा की विधि
दीपावली पर लक्ष्मी पूजा का विशेष विधान है। इस दिन संध्या और रात्रि के समय शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी, विघ्नहर्ता भगवान गणेश और माता सरस्वती की पूजा और आराधना की जाती है। कार्तिक अमावस्या की अंधेरी रात में महालक्ष्मी स्वयं भूलोक पर आती हैं और हर घर में विचरण करती हैं। इस दौरान जो घर हर प्रकार से स्वच्छ और प्रकाशवान हो, वहां वे अंश रूप में ठहर जाती हैं इसलिए दीपावली पर साफ-सफाई करके विधि विधान से पूजन करने से माता महालक्ष्मी की विशेष कृपा होती है। लक्ष्मी पूजा के साथ-साथ कुबेर पूजा भी की जाती है।
पूजन के दौरान इन बातों का ध्यान रखना चाहिए
1. दीपावली के दिन लक्ष्मी पूजन से पहले घर की साफ-सफाई करें और पूरे घर में वातावरण की शुद्धि और पवित्रता के लिए गंगाजल का छिड़काव करें। साथ ही घर के द्वार पर रंगोली और दीयों की एक शृंखला बनाएं।
2. पूजा स्थल पर एक चौकी रखें और लाल कपड़ा बिछाकर उस पर लक्ष्मी जी और गणेश जी की मूर्ति रखें या दीवार पर लक्ष्मी जी का चित्र लगाएं। चौकी के पास जल से भरा एक कलश रखें।
3. माता लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्ति पर तिलक लगाएं और दीपक जलाकर जल, मौली, चावल, फल, गुड़, हल्दी, अबीर-गुलाल आदि अर्पित करें और माता महालक्ष्मी की स्तुति करें।
4. इसके साथ देवी सरस्वती, मां काली, भगवान विष्णु और कुबेर देव की भी विधि विधान से पूजा करें।
5. महालक्ष्मी पूजन पूरे परिवार को एकत्रित होकर करना चाहिए।
6. महालक्ष्मी पूजन के बाद तिजोरी, बहीखाते और व्यापारिक उपकरण की पूजा करें।
7. पूजन के बाद श्रद्धा अनुसार ज़रुरतमंद लोगों को मिठाई और दक्षिणा दें।
8. कार्तिक अमावस्या यानि दीपावली के दिन प्रातःकाल शरीर पर तेल की मालिश के बाद स्नान करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से धन की हानि नहीं होती है।
9. दिवाली के दिन वृद्धजन और बच्चों को छोड़कर अन्य व्यक्तियों को भोजन नहीं करना चाहिए। शाम को महालक्ष्मी पूजन के बाद ही भोजन ग्रहण करें।
10. दीपावली पर पूर्वजों का पूजन करें और धूप व भोग अर्पित करें। प्रदोष काल के समय हाथ में उल्का धारण कर पितरों को मार्ग दिखाएं। यहां उल्का से तात्पर्य है कि दीपक जलाकर या अन्य माध्यम से अग्नि की रोशनी में पितरों को मार्ग दिखायें। ऐसा करने से पूर्वजों की आत्मा को शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
11. दिवाली से पहले मध्य रात्रि को स्त्री-पुरुषों को गीत, भजन और घर में उत्सव मनाना चाहिए। कहा जाता है कि ऐसा करने से घर में व्याप्त दरिद्रता दूर होती है।
दीपावली का ज्योतिष महत्व
हिंदू धर्म में हर त्यौहार का ज्योतिष महत्व होता है। माना जाता है कि विभिन्न पर्व और त्यौहारों पर ग्रहों की दिशा और विशेष योग मानव समुदाय के लिए शुभ फलदायी होते हैं। हिंदू समाज में दीपावली का समय किसी भी कार्य के शुभारंभ और किसी वस्तु की खरीदी के लिए बेहद शुभ माना जाता है। इस विचार के पीछे ज्योतिष महत्व है। दीपावली के आसपास सूर्य और चंद्रमा तुला राशि में स्वाति नक्षत्र में स्थित होते हैं। सूर्य और चंद्रमा की यह स्थिति शुभ और उत्तम फल देने वाली होती है। तुला एक संतुलित भाव रखने वाली राशि है। यह राशि न्याय और अपक्षपात का प्रतिनिधित्व करती है। तुला राशि के स्वामी शुक्र जो कि स्वयं सौहार्द, भाईचारे, आपसी सद्भाव और सम्मान के कारक हैं। इन गुणों की वजह से सूर्य और चंद्रमा दोनों का तुला राशि में स्थित होना एक सुखद व शुभ संयोग होता है।
दीपावली के दिन लक्ष्मीजी और गणेशजी का पूजन एक साथ क्यों होता हैं और रामजी की पूजा क्यों नहीं?
दिपावली पर भगवान श्री राम के अयोध्या लौटने के शुभ अवसर के रुप में मनायी जाती है, इस शुभ दिन देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश का हर घर में स्वागत किया जाता है। देवी महालक्ष्मी के रूपों की पूजा करना दिपावली का सबसे महत्वपूर्ण भाग है। माना जाता है कि दिवाली की रात, देवी लक्ष्मी प्रत्येक घर में जाती हैं और सभी को महान धन के साथ आशीर्वाद देती हैं। मुख्य रुप से दिवाली का पर्व धन की देवी लक्ष्मी और शुभता के प्रतीक गणेश जी के दर्शन पूजन का पर्व है। यह सर्वविदित है कि देवी लक्ष्मी धन, भाग्य, विलासिता और समृद्धि (भौतिक और आध्यात्मिक दोनों) की देवी हैं, जबकि भगवान गणेश को बाधाओं के निवारण, बुद्धिमत्ता, कला और विज्ञान के संरक्षक और बुद्धि और ‘देव’ के रूप में जाना जाता है। हम सभी ने देखा है कि सदैव लक्ष्मी जी के साथ श्रीगणेश का पूजन करने की परंपरा है। दोनों का सदैव साथ ही पूजन किया जाता है। ऐसे में कई लोग यह जानने के लिए आतुर रहते हैं कि ऐसा क्यों है? देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की एक साथ पूजा करने का क्या कारण है? आज हम इस आलेख में इस रहस्योद्घाटन कर रहे हैं।
भगवान गणेश का आह्वान किए बिना कोई उत्सव पूर्ण नहीं
माना जाता है, इसलिए इसमें कोई अपवाद नहीं है। गणेश को सभी बाधाओं का निवारक माना जाता है। इसलिए, हमारे विकास में बाधा बनने वाली सभी बाधाओं से छुटकारा पाने के लिए पहले उनकी पूजा की जाती है। इसके साथ ही, देवी महालक्ष्मी के रूपों की पूजा की जाती है। कहा जाता है कि दिवाली की रात, देवी लक्ष्मी प्रत्येक घर में जाती हैं और सभी को धन का आशीर्वाद देती हैं। लेकिन सवाल यह है कि लक्ष्मी और गणेश की पूजा एक साथ क्यों की जाती है। दिवाली पर लक्ष्मी और गणेश की एक साथ पूजा करने के पीछे एक दिलचस्प कहानी है।
शास्त्रों के अनुसार, एक बार देवी लक्ष्मी में अपने धन और शक्तियों को लेकर अहंकार भाव आ गया। अपने पति, भगवान विष्णु के साथ वार्तालाप करते समय, वह खुद की प्रशंसा करती रही, और दावा किया कि वह ही केवल पूजा के योग्य है। क्योंकि वे धन और संपत्ति का आशीर्वाद सभी आराध्यों को देती है। इस प्रकार बिना रुके आत्म प्रशंसा सुनने पर, भगवान विष्णु ने उनके अहंकार को दूर करने का फैसला किया। बहुत शांति से, भगवान विष्णु ने कहा कि सभी गुणों के होने के बावजूद, एक महिला अधूरी रह जाती है अगर वह बच्चों की जननी नहीं है।
मातृत्व परम आनंद है जिसे एक महिला अनुभव कर सकती है और लक्ष्मी जी के बच्चे नहीं थे, इसलिए उन्हें पूरा नहीं माना जा सकता था। यह सुनकर देवी लक्ष्मी अत्यंत निराश हुईं। भारी मन से देवी लक्ष्मी देवी पार्वती के पास मदद मांगने गई। क्यूंकि पार्वती के दो पुत्र थे, इसलिए उन्होंने देवी से अनुरोध किया कि वह उन्हें मातृत्व के आनंद का अनुभव करने के लिए अपने एक पुत्र को गोद लेने दें। पार्वती जी लक्ष्मी जी को अपने बेटे को गोद देने के लिए अनिच्छुक थी क्योंकि उन्हें ज्ञात था कि लक्ष्मी जी लंबे समय तक एक स्थान पर नहीं रहती है। इसलिए, वह अपने बेटे की देखभाल नहीं कर पाएगी। लेकिन लक्ष्मी ने उसे विश्वास दिलाया कि वह हर संभव तरीके से उनके बेटे की देखभाल करेगी और उसे सभी खुशियों से नवाजेंगी। लक्ष्मी के दर्द को समझते हुए, देवी पार्वती ने उन्हें अपने पुत्र के रूप में गणेश को अपनाने दिया। देवी लक्ष्मी बेहद खुश हो गईं और कहा कि जो भी आराधक मेरे साथ गणेश का पूजन करेगा, मैं उसे अपनी सभी सिद्धियों और समृद्धि दूँगी। इसलिए तभी से धन के लिए लक्ष्मी की पूजा करने वालों को सबसे पहले गणेश की पूजा करनी चाहिए। जो लोग बिना गणेश के लक्ष्मी की पूजा करेंगे उन्हें देवी की कृपा पूर्ण रुप से नहीं मिलती है, ऐसा माना जाता है। इसलिए दिवाली पर हमेशा गणेश के साथ-साथ लक्ष्मी की भी पूजा की जाती है। साथ ही यह भी माना जाता है कि बिना बुद्धि के धन पाने से धन का दुरुपयोग ही होगा। इसलिए, सबसे पहले धन को सही तरीके से खर्च करने के लिए बुद्धि प्राप्त करनी चाहिए। बुद्धि प्राप्ति के लिए श्रीगणेश जी की पूजा कर उनसे सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की जाती है और इसके पश्चात श्री लक्ष्मी जी का शास्त्रोंसम्मत विधि से पूजन करना चाहिए।
- यह आलेख पं. परमानन्द शास्त्री से हुई वार्ता पर आधारित है। इस आलेख के लिए वेबसाइट उत्तरदायी नही होगी। धार्मिक कार्य करने से पहले किसी योग्य आचार्य से विचार अवश्य कर लें।



