ठा. बांकेबिहारी हरियाली तीज पर 20 किलो सोना, एक कुंतल चांदी से से बने हिंडोला में विराजेंगे

  • Thursday August 17 2023 - 12:17 AM
  •  

  • 15 अगस्त 1947 में पहली बार  दिए थे स्वर्ण रजत हिंडोले में दर्शन
  • साल में एक ही बार मिलता है इस हिंडोले में दर्शन
  • हिंडोला बनवाने में 20 किलो सोना व एक कुंतल चांदी का किया गया प्रयोग 
  • हिंडोलों के निर्माण में 25 लाख रुपये की लागत आई थी
  • हिंडोले 1942 से बनना शुरू हुआ और 1947 में तैयार हुआ
  • आजादी की वर्षगांठ की याद दिलाता है हिंडोला 

वृंदावन। हरियाली तीज 19 अगस्त को ठा. बांकेबिहारी बेशकीमती स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। ठाकुरजी को प्रेम की डोर से हिंडोले में झुलाने को देश-दुनिया के भक्त पूरे वर्ष इंतजार करते हैं। इस दिन लाखों भक्त आराध्य को जिस स्वर्ण-रजत हिंडोले में दर्शन देंगे, वह अपने निर्माण का 77वां वर्ष मना रहा होगा।

बांकेबिहारी मंदिर में साल में एक बार हिंडोला में दर्शन का लाभ लेने के लिए लाखाें भक्त वृंदावन पहुंचते हैं। हिंडोला तैयार कराने के लिए वाराणसी के जंगल से लकड़ियों का इंतजाम कराया। इसके ऊपर सोने और चांदी की परत से नक्कासी कराई जो अद्भुत है। स्वर्ण-रजत इस हिंडोले में पहली बार जब आराध्य बांकेबिहारीजी ने दर्शन दिए उसी दिन 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था।

एक ही दिन होते हैं ये दर्शन

दरअसल, ठा. बांकेबिहारीजी साल में एक ही दिन हिंडोले में दर्शन देते हैं। मंदिर के करीब 161 वर्ष के इतिहास में शुरुआती दौर में साधारण हिंडोले में ठाकुरजी भक्तों को दर्शन देते थे। लेकिन, बांकेबिहारी के भक्त सेठ हरगुलाल बेरीवाला ने परिवार के सहयोगियों संग ठाकुरजी का स्वर्ण-रजत हिंडोला तैयार कराया। जब देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो ठा. बांकेबिहारी का स्वर्ण-रजत हिंडोला भी अपने 77 वर्ष पूरा कर रहा है।

20 किलो सोना, एक कुंतल चांदी से पांच वर्ष में तैयार हुआ हिंडोला

सेठ हरगुलाल के वंशज राधेश्याम बेरीवाला बताते हैं कि उनके पिता ठाकुरजी के परम भक्त थे और उनके दर्शन किए बिना अन्न का दाना भी स्वीकार नहीं करते थे।

वाराणसी के कारीगरों ने बनाया था हिंडोला

हिंडोलों के लिए बनारस के प्रसिद्ध कारीगर लल्लन व बाबूलाल को बुलाया गया था। जिन्होंने टनकपुर (पिथौरागढ़) के जंगलों से शीशम की लकड़ी मंगवाई। इस लकड़ी को कटवाने के बाद पहले दो वर्ष तक सुखाया गया, फिर हिंडोलों के निर्माण का कार्य शुरु किया गया। इसके लिए बीस उत्कृष्ट कारीगरों ने लगभग पांच वर्ष तक कार्य किया। सेठ हरगुलाल ने इसी प्रकार का झूला बरसाना के लाड़ली जी मंदिर के लिए भी बनवाया।