इस्लाम नगर का नाम बदलकर फिर हुआ ‘जगदीशपुर’, हत्या कर बदला था गांव का नाम

  • Saturday February 04 2023 - 08:33 AM
  •  

भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के इस्लाम नगर गांव का नाम तत्काल प्रभाव से बदलकर जगदीशपुर कर दिया गया है। भोपाल से 14 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक धरोहर को समेटे है खूबसूरत गांव 17वीं शताब्दी में बने किले को देखने यहां देश-दुनिया के लोग पहुंचते हैं। अब यह फिर से अपने पुराने नाम जगदीशपुर से पहचाना जाएगा। केंद्र सरकार ने गांव का नाम जगदीशपुर करने की हरी झंडी दे दी है।

राज्य सरकार ने भी बुधवार को नोटिफिकेशन जारी कर गांव का नाम बदलकर जगदीशपुर कर दिया है। जगदीशपुर से इस्लाम नगर बनने की रोंगटे खड़ी करने वाली कहानी है। औरंगजेब की सेना के भगोड़े सैनिक दोस्त मोहम्मद खान ने 308 साल पहले इसका नाम इस्लाम नगर किया था। इसका नाम वापस जगदीशपुर करने की फाइलें 30 साल से चल रही थी।

दोस्त मोहम्मद अफगानिस्तान के खैबर के तीराह का रहने वाला था। 1696 में वह उत्तर प्रदेश के जलालाबाद आ गया। वह इतना क्रोधी स्वभाव का था कि छोटी सी बात पर हुए झगड़े में उसे ही शरण देने वाले अमीर जलाल खान के दामाद को सरेआम मार डाला। वहां से भागकर वह करनाल और फिर दिल्ली चला गया। यहां मुगल सेना में भर्ती हो गया।

मुगल और मराठा युद्ध के चलते दोस्त मोहम्मद 1703 में मालवा आ गया। यहां उसने अपने हथियार आदि विदिशा के शासक मोहम्मद फारूख के पास जमा कर दिए और मामूली झगड़े के बाद उसकी भी हत्या कर दी। इसके बाद वह मंगलगढ़ में शरण पाने में सफल हो गया और वहां के महाराज-महारानी के साथ महल में रहने लगा मंगलगढ़ के महाराज की मृत्यु हो जाने पर दोस्त मोहम्मद ने मंगलगढ़ को भी लूट लिया और सारा खजाना लेकर बैरसिया आ गया। यहां भी अपने स्वभाव के अनुरूप उसने यहां के सूबेदार ताज मोहम्मद से पहले तो बैरसिया को लीज पर लिया और बाद में उसे भी धोखा देकर बैरसिया पर कब्जा जमा लिया।

जगदीशपुर में 11वीं सदी के परमार कालीन मंदिर के पत्थर और मूर्तियां मिलती हैं। सम्भव है कि यहां परमार काल में मंदिर रहे होंगे। परमारों के उपरांत यह क्षेत्र गढ़ा-मंडला जबलपुर के गोंड राजा संग्राम शाह के बावन गढ़ों में से एक था, इसलिए यहां पर एक गोंड महल भी है। गोंड शासन के बाद यह गढ़ और किला देवड़ा राजपूतों के अधीन रहा। 1715 में दोस्त मोहम्मद खान ने जगदीशपुर पर आक्रमण किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।

राजपूतों पर आक्रमण में असफल रहे दोस्त मोहम्मद ने अपने स्वभाव के अनुरूप षड्यंत्र का सहारा लिया। उसने राजपूत शासक देवरा चौहान को बेस नदी के किनारे सहभोज के लिए बुलाया। जब सभी देवरा चौहान समेत राजपूत मेहमान रात्रिभोज कर रहे थे, तभी तम्बू की रस्सियां काट दी गईं और सभी राजपूतों को हलाल कर दिया गया। कहते हैं कि इतना खून बहा कि नदी का पानी लाल हो गया और तभी से यह नदी हलाली के नाम से जानी जाने लगी। इस तरह धोखे से जगदीशपुर पर दोस्त मोहम्मद ने कब्जा कर लिया और उसका नाम बदलकर इस्लामनगर कर दिया।

इस गांव का बॉलीवुड से भी कनेक्शन है। किले के कारण यहां कई छोटी-बड़ी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इनमें भूमि पेडनेकर की फिल्म दुर्गामति प्रमुख है। इस फिल्म के पोस्टर में अभिनेत्री को जिस दरवाजे के सामने बैठा दिखाया गया है, वह गोंड महल का मुख्य गेट है।