श्रद्धा हत्याकांडः जंगल में मिली रीढ की हड्डी, अब तक मिले शरीर के 12 टुकड़े
नई दिल्ली। श्रद्धा हत्याकांड मामले की जांच में जुटी पुलिस ने महरौली के जंगल से रीढ़ की हड्डी बरामद की है। माना जा रहा है कि यह श्रद्धा की रीढ की हड्डी है। लेकिन सिर की तलाश अब भी जारी है। अब तक शरीर के अलग-अलग हिस्सों के करीब 12 टुकड़े बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा कुछ हड्डियां समीप के नाले से भी बरामद की गई हैं। पुलिस इन सभी हड्डियों की फॉरेंसिक जांच कराएगी।
पुलिस टीम बुधवार को भी कंकाल तलाशने के लिए जंगल में पहुंची थी। चूंकि सिर मिलने से श्रद्धा की पहचान करने में मदद मिलेगी। इसलिए सिर का मिलना बेहद जरूरी है। वहीं पुलिस की एक टीम ने एक बार फिर आफताब के फ्लैट का दौरा किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना को काफी समय बीत जाने की वजह से सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मिलना मुश्किल है, लेकिन वैज्ञानिक तरीके से सबूत जुटाने की कोशिश की जा रही है।
किचन में मिले खून के धब्बे
जांच के दौरान फ्लैट के किचन में कुछ खून के धब्बे मिले हैं। जिनके सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। खुलासा हुआ है कि आफताब ने फ्रिज को केमिकल से साफ किया था। ताकि पकडे जाने पर फॉरेंसिक जांच के दौरान पुलिस को चकमा दिया जा सके। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी से पूछताछ और सबूतों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां को जोडने का प्रयास किया जा रहा है।
बाथरूम में टुकड़े किए जाने का शक
अब तक की जांच में पुलिस को शक है कि कत्ल के बाद श्रद्धा के शव के टुकड़े बाथरूम में किए गए थे। आफताब बाथरूम में शाबर चलाकर छोड़ देता था। ताकि शव आसानी से कट जाए और खून बह जाए। घटना स्थल से सैंपल जुटाने के लिए आफताब के साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम उसके फ्लैट पर जांच के दौरान मौजूद थी और लगातार सैंपल जुटा रही है।
श्रद्धा हत्याकांड को समय हो जाने के कारण पुलिस को सबूत जुटाने में दिक्कत आ रही है। इसलिए पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही है। श्रद्धा हत्याकांड का राज तकनीकि सबूत के आधार पर खुला। दरअसल आफताब ने मुंबई पुलिस की तरह दिल्ली पुलिस को चकमा देने की पूरी कोशिश की थी। उससे जब मुंबई पुलिस ने पूछताछ की तो उसने कहा कि उसका 22 मई को झगड़ा हुुआ था। इसके बाद श्रद्धा घर छोड़कर चली गई। घर छोड़ने के बाद उसका श्रद्धा से कोई संपर्क नहीं है। लेकिन उसके जुर्म छिपाने की ऑन लाइन कोशिशें ही उसके खिलाफ सबूत बन गई।
श्रद्धा के पिता विकास वाकर ने 22 अक्टूबर को मुंबई के मानिकपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने 28 अक्टूबर से तीन नवंबर के बीच आफताब से कई बार पूछताछ की। उसने बताया था कि श्रद्धा से उसका झगड़ा हो गया था। इसके बाद 22 मई को श्रद्धा छतरपुर स्थित घर से फोन आदि लेकर चली गई थी। मुंबई पुलिस को इस कहानी पर भरोसा हो गया। लेकिन परिजन श्रद्धा की तलाश कर रहे थे। जब मुंबई पुलिस की सूचना पर महरौली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आफताब को पूछताछ के लिए बुलाया। इस बार भी आफताब ने पुरानी कहानी दोहराई थी।
10 जून तक चलाया था फोन
आफताब के बयान में विरोधाभास देख महरौली पुलिस ने श्रद्धा के फोन की लोकेशन देखी। वह दस जून तक महरौली -छतरपुर के इलाके में ही थी। इस पर पुलिस का शक गहरा हो गया। फिर श्रद्धा और आफताब के बैंक खातों की जांच की गई। 26 मई को आफताब ने श्रद्धा के बैंंक खाते से करीब 60 हजार रूपपए अपने खाते में ऑन लाइन जमा किए थे। आफताब ने बताया कि श्रद्धा को लोगों की नजर में जिंदा रखने के लिए उसने यह सब किया। श्रद्धा के क्रेडिट कार्ड का बिल भी जमा किया। यह सब सिलसिला दस जून तक चलता रहा। फिर उसने यह सब बंद कर दिया।
अनुपमा हत्याकांड के बारे में ली थी जानकारी
आफताब के लैपटॉप से गूगल की सर्च हिस्ट्री की जांच की गई। पता लगा कि उसने हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए तरीके ढू़ढ़े थे। उसने देहरादून में 2010 में हुई अनुपमा गुलाटी हत्याकांड के बारे में भी सर्च किया था। दरअसल अनुपमा गुलाटी की उसके पति राजेश ने 72 टुकड़े कर डीप फ्रिजर में रख दिया था। फिर धीरे-धीरे कर उन्हें देहरादून के जंगलों में फेंक दिया था। इसी तरह से आफताब भी शव के टुकड़े कर जंगल में फेंकता रहा।
हिमाचल प्रदेश में हत्या की तैयारी थी
आफताब ने बताया कि श्रद्धा से हिमाचल प्रदेश में घूमने के दौरान भी झगड़ा हुआ था। उसने हत्या की योजना भी बना ली थी। लेकिन श्रद्धा को रोते देख उसने फैसला बदल लिया। लेकिन जब 18 मई को इनके बीच झगडा हुआ तो उसने श्रद्धा का गला दबाकर हत्या कर दी।



