कर्ज में डूब गई एक ही परिवार की 5 जिंदगियां! पति-पत्नी, दादी, 2 बच्चे फंदे से झूले; दादा ने भी किया था सुसाइड
समस्तीपुर। एक ही परिवार के 5 लोगों की लाश घर के अंदर मिली है। सभी के शव के छत से लटके मिले। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। कुछ लोग इसे खुदकुशी बता रहे तो कुछ हत्या होने की आशंका जता रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पूर्व में पिता ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामला विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर दक्षिणी गांव का है। रविवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के अंदर देखा तो मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद आसपास के लोग वहां जुट गए। पुलिस को बुलाया गया। स्थानीय लोग परिवार के कर्ज में डूबे होने की बात भी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंच कर पुलिस छानबीन में जुटी गई। पुलिस ने पांचों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या और सुसाइड, पुलिस दोनों एंगल पर छानबीन कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
पति-पत्नी, दादी और 2 बच्चों की मौत
मरने वालों में 42 वर्षीय मनोज झा, उनकी पत्नी 38 वर्षीय सुंदरमणी देवी, मां 65 वर्षीय सीता देवी और मृतक मनोज का 10 वर्षीय पुत्र सत्यम और 7 वर्षीय पुत्र शिवम शामिल हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की गिरफ्तारी करे।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
परिवार के 5 लोगों के फंदे से लटकी लाश को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार कर्ज में डूबा था। मनोज के ऊपर करीब 10 लाख का कर्ज था। यह रकम अलग-अलग जगह से ली गई थी। 2 बेटियों की शादी के लिए भी कर्ज लिए गए थे। उधार की रकम को वापस करने को लेकर मनोज पर दबाव बन रहा था। आर्थिक तंगी के कारण वे परेशान थे। परिवार ने समूह से भी कर्ज ले रखा था। पैसे वापस नहीं कर पाने के कारण परिवार के लोगों ने अपनी जिंदगी समाप्त कर ली।
पिता ने भी फांसी लगाकर दी थी जान
इसके पहले भी मनोज झा के पिता ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। बताया जाता है कि उन्होंने अपनी बड़ी पुत्री की शादी के लिए कर्ज लिए थे। कर्ज चुका नहीं कर पाने की स्थिति में उन्होंने अपनी जान दे दी थी। अभी उनके पुत्र ने भी अपनी बहन की शादी मंदिर में की थी।



