स्वर्ण जड़ित पुण्यकोटि में विराजमान भगवान गोदारंगमन्नार
स्वर्ण जड़ित पुण्यकोटि में विराजमान होकर भगवान गोदारंगमन्नार ने दिए दर्शन
- श्रीरंगनाथ मंदिर से बड़े बगीचा तक निकली भगवान की पहली सवारी
- ब्रह्मोत्सव में दस दिन सुबह-शाम प्रतिदिन निकलेगी भगवान की सवारी
वृंदावन। दक्षिण भारतीय शैली के विशाल श्री रंगनाथ मंदिर में दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ आरंभ हो गया। ब्रह्मोत्सव के पहले दिन प्रातः भगवान रंगनाथ माता गोदा (लक्ष्मीजी) के साथ स्वर्ण जड़ित पुण्यकोटि में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर से निकली भगवान की सवारी गाजे-बाजे के साथ बड़े बगीचा पहुंची, जहां कुछ देर विश्राम के बाद सवारी पुनः मंदिर लौट आई।
ब्रह्मोत्सव की शुरुआत से पूर्व भगवान रंगनाथ के सेनापति विश्वक्सेन जी का आह्वान कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। पूजन के बाद उन्हें चांदी की पालकी में विराजमान कर परंपरागत वाद्य यंत्रों की ध्वनि के बीच सवारी निकाली गई। विश्वक्सेन जी ब्रह्मोत्सव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए चांदी की पालकी में विराजमान होकर निकले। इसके पश्चात ध्वजारोहण के बाद भगवान की पालकी को वाहन मंडप में ले जाया गया, जहां उन्हें स्वर्ण निर्मित पुण्यकोटि में विराजमान कराया गया। इसके बाद हाथी-घोड़ों, दक्षिण भारतीय वाद्य यंत्रों और बैंड की मधुर धार्मिक ध्वनि के बीच भगवान की सवारी मंदिर से बड़े बगीचा के लिए प्रस्थान हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने भगवान की आरती उतारकर उनका स्वागत किया।
रंगनाथ मंदिर में ब्रह्मोत्सव की परंपरा
वृंदावन स्थित रंगनाथ मंदिर दक्षिण भारतीय शैली का अत्यंत विशाल और भव्य मंदिर है। इस मंदिर के मुख्य आराध्य भगवान श्री गोदारंगमन्नार हैं। रंगनाथ मंदिर को दिव्य देश की उपाधि प्राप्त है, जिसका अर्थ है वह पवित्र देवस्थान जहां प्रतिदिन भगवान का उत्सव होता है। इन्हीं उत्सवों में प्रमुख ब्रह्मोत्सव है।
मान्यता है कि यह उत्सव स्वयं भगवान नारायण के लिए ब्रह्माजी द्वारा प्रारंभ किया गया था। श्री रंगनाथ मंदिर में यह ब्रह्मोत्सव वर्षों से प्रतिवर्ष होली के बाद कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि से प्रारंभ होता है।
दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव की शुरुआत शनिवार को प्रातः शुभ मुहूर्त में ध्वजारोहण की परंपरा के साथ हुई। शुभ मुहूर्त में मंदिर के पुरोहित विजय मिश्रा ने वैदिक मंत्रों के मध्य मंदिर के श्रीमहंत गोवर्धन रंगाचार्य महाराज के निर्देशन में ध्वजारोहण कराया। इस अवसर पर भगवान गरुड़जी का पूजन किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार गरुड़जी द्वारा समस्त देवी-देवताओं को ब्रह्मोत्सव की सूचना दी जाती है और उत्सव की बागडोर उनके हाथों में सौंपी जाती है। पूजन के बाद सोने से बने स्तंभ पर गरुड़ जी की ध्वजा स्थापित की गई।



