बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के दबाव में श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ी, मौत

  • Saturday October 18 2025 - 02:09 AM
  •  

वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में बुधवार शाम दर्शन के दौरान भीड़ के दबाव में एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़े। जिससे उनकी मौत हो गई। मंदिर में मौजूद स्वास्थ्य टीम ने उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय के लिए रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव को अपने साथ मेरठ ले गए।

बुधवार देर शाम मेरठ जिले के थाना मवाना क्षेत्र के गांव निलोहा निवासी 55 वर्षीय कृपाल सिंह पुत्र शेर सिंह अपने भतीजे टीटू और गांव के अन्य 10 लोगों के साथ ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। मंदिर में जबर्दस्त भीड़ के बीच दर्शन करने के दौरान अचानक तबियत खराब हो गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। भतीजे और अन्य श्रद्धालुओं ने बमुश्किल उन्हें भीड़ के बीच से उठाया मंदिर के गेट नंबर चार के बाहर लेकर आए। मंदिर के पांच के अंदर तैनात स्वास्थ्य टीम ने मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया कि उनका ब्लड प्रेशर सामान्य से अधिक था। उन्हें तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

मृतक के भतीजे टीटू ने बताया कि उनके चाचा अस्थमा की बीमारी से ग्रसित थे। मंदिर की अत्यधिक भीड़ और दमघोंटू माहौल के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वहीं, गांव के ही साथी अवधपाल सिंह ने बताया कि भीड़ के कारण कृपाल सिंह का दम घुट गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि श्रद्धालु को अस्थमा की बीमारी थी और मंदिर परिसर में ही तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन किसी कानूनी कार्रवाई के इच्छुक नहीं हैं और शव को लेकर मेरठ रवाना हो गए हैं।

चार भाइयों में सबसे छोटे थे कृपाल

गांव निलौहा के पूर्व प्रधान भीम सिंह ने बताया कि गांव से काफी लोगों का ग्रुप तीर्थस्थल के भ्रमण और दर्शन के लिए गया था। उन्हीं के साथ कृपाल सिंह भी गया था। कृपाल सिंह अविवाहित था और चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेत ठेके पर लेकर खेती और मजदूरी करता था।